Skip to main content

कुंडी रिश्तों की

 फैमिली कोर्ट में जज साहब अपने चैम्बर में बैठे आरव और वर्षा की दलीलें ध्यान से सुन रहे थें। आज उनदोनों की आपसी सहमति से तलाक की आखिरी सुनवाई थी। जज साहब ने दोनों पति-पत्नी को समझाने का काफी प्रयास किया कि तलाक न लें और अपनी डेढ़ साल की शादीशुदा ज़िंदगी को एक और मौका देकर देखें। पर सम्बंध-विच्छेद की क़गार पर खडे ये पति-पत्नी अपनी अलग ही धून अलाप रहे थें।

आज बाहर काफी ज़ोरों की आंधी-बारिश हो रही थी, मानो आकाश भी मोटे-मोटे आँसू बहा रहा हो! तेज़ हवा की वज़ह से जज साहब के चैम्बर का दरवाजा रह-रहकर जोर की आवाज के साथ बंद हो जाया करता, जिसे वहाँ खड़े एक प्रहरी ने पकड़ रखा था।

“देखिए, आज अंतिम मौका है। तलाक हो जाने के बाद फिर कुछ नहीं किया जा सकता। मैं फिर से कहुंगा कि आपदोनों अपनी शादी को थोड़ा समय दें और एक-दूसरे को अच्छे से समझने की कोशिश करें। यूं तैश में आकर रिश्ते खत्म कर लेना सही नहीं।” – जज साहब ने पति-पत्नी को समझाते हुए कहा।

पर आरव और वर्षा अपना निर्णय लेकर आए थें और जज साहब की बातों का उनपर कोई असर होते नहीं दिखा।

“जज साहब, मैं प्यार में अंधी हो गई थी जो इस गलत इंसान से शादी कर बैठी। हमदोनों का कोई मेल नहीं! नहीं रहना मुझे इसके साथ। बस आप हमारी तलाक मंजूर कर दें। मैं इसकी शक्ल भी देखना नहीं चाहती।” – वर्षा ने सम्बंध-विच्छेद का गुहार लगाते हुए कहा।

“हाँ, जज साहब। जब ये मेरे साथ रहना ही नहीं चाहती तो मुझे भी इसके साथ कोई जोर-जबरदस्ती नहीं करनी। इसे जो चाहिए, मैं देने को तैयार हूँ।”–आरव ने तलाक के लिए अपनी रजामंदी देते हुए जज साहब की तरफ देखकर कहा।

“मुझे इस इंसान से एक फुटी कौड़ी भी नहीं चाहिए। बस आप हमारी तलाक करा दें।”– वर्षा ने अपनी बात दुहरायी।

तभी एक –फटाक़- की आवाज़ के साथ जज साहब के कक्ष का दरवाजा बंद हो गया। हवा तेज़ चलने की वज़ह से शायद वह अटक गया था।

जज साहब, आरव और वर्षा के साथ भीतर ही बंद हो गए थें। बाहर कर्मचारियों में हड़कम्प मची थी, जिसकी आवाज भीतर तक सुनी जा सकती थी। वे सब अटक चुके दरवाजे को खोलने का लगातार प्रयास कर रहे थें, जिससे तलाक की सुनवाई थोड़ी देर रुक गई थी। भीतर से जज साहब ने आवाज़ देकर उन्हे रोकने का प्रयास किया। पर उनकी आवाज बंद दरवाजे से बाहर न जा सकी।

जज साहब अपनी कुर्सी पर बैठ दरवाजे के खुलने का इंतज़ार करते दिखे। आरव और वर्षा ने बंद दरवाजे पर निगाह डाली और फिर एक-दूसरे की तरफ देख आंखों-आंखों में कुछ बातें की।

जज साहब के सामने सिर झुंकाकर दोनों उठे और दरवाजे तक आए, जो अटक जाने के कारण बंद हो चुका था। तलाक के लोलुप पति-पत्नी ने बंद दरवाजे को नजदीक से निहारा तो जोर के झटके से बंद होने के कारण उसके माथे पर लगी कुंडी भीतर तक अटकी दिखी, जिसके वजह से वह खुल नहीं पा रहा था।

कुंडी शायद काफी पूरानी रही होगी, जिसकी वजह से वह दरवाजे की चौखट में घुसकर अटक चुकी थी। आरव और वर्षा ने कुंडी की तरफ देखा और उनकी निगाह एक-दूसरे पर आकर अटक गई। उन्हे इस बात का एहसास ही न रहा कि वे दोनों जज साहब के सामने खड़े हैं।

अटकी हुई वह कुंडी दोनों पति-पत्नी को उनकी बीती ज़िंदगी में लेकर चली गई, जब दोनों के परिवारवाले काफी मान-मनौवल के बाद उनकी शादी के लिए तैयार हुए थे और वर्षा अपने प्रियतम आरव की दुल्हन बनकर ससुराल में पहली बार अपना क़दम रखी थी।

घर में नववधू के आने से सभी खुश थें और पूरे परिवार में चहल-पहल का माहौल था। आरव भी अपनी मनचाही दुल्हन पाकर फुले नहीं समा रहा था, जिसका प्रतिबिंब वर्षा के चेहरे पर भी साफ-साफ झलक रहा था।

भीड़भाड़ वाले घर में नवदम्पत्ति को एकांत मिल पाना मुश्किल था और उनके भीतर दबी बेताबी को शादी में शामिल होने आयीं आरव की सभी भाभियों, मामियों ने ताड़ लिया था। आखिर वे सब भी कभी न कभी इस दौर से गुजर चुकी थी।

इस नवयुगल के मन की बेचैनी उनसे देखी न गई और मौका पाकर उन्होने एक कमरे को तैयार किया, ताकि इस नए जोड़े को एकांत मिल सके और दोनों एक-दूसरे के साथ थोड़ा समय बिता सकें।

अभी दोपहर के यही कोई तीन-सवा तीन बजे होंगे और खानापीना खाकर अधिकांश मेहमान और घर के सदस्य आराम फरमा रहे थें। इसिलिए सभी भाभी और मामियों की जमात ने यही समय ठीक समझा और आरव-वर्षा को किसी बहाने अपने साथ लेकर आए। फिर उनदोनों को कमरे के भीतर धक्का देकर कहा – “तुमलोगों के पास पंद्रह मिनट है, एक-दूसरे से अपनी मन की बातें करने की। दरवाजे की कुंडी भीतर से बंद कर लो। हमलोग यहीं आसपास पहरा दे रहे हैं। पर याद रहे, मात्र पंद्रह मिनट।” यह कहकर एक भाभी ने दरवाजे को बाहर से सटाते हुए वर्षा को भीतर से दरवाजे की कुंडी बंद कर लेने का इशारा किया।

सभी के सामने कमरे में यूं अकेले बंद होने पर दोनों यूवादंपत्ति मारे शरम के पानी-पानी हुए जा रहे थें। लेकिन यह वक़्त शरमाने का नहीं था। बल्कि शरम की सारी चादर उठा फेंकने का था, नहीं तो फिर ऐसा मौका दुबारा मिलने में न जाने कितने घंटे लगते या कुछ दिन। सहमी हुई वर्षा कमरे के एक कोने में खड़ी आरव को निहार रही थी। उसकी तरफ देख आरव ने छेड़खानी वाली मुस्कान भरी और दरवाजे की कुंडी चढ़ाने के लिए अपना हाथ आगे बढ़ाया। वर्षा भी अपना दिल थामें आरव को निहारती रही।

पर ये क्या! दरवाजे की कुंडी नदारद! वर्षा ने अपना सिर पिट लिया और लगी ठहाके लगाकर हँसने। इसपर बाहर से आवाज़ आयी-“धीरे। आवाज़ बाहर न आने पाये।”

“धत्त तेरे की!”– आरव ने कुंडी की तरफ अंगुली दिखाते हुए कहा, जैसे उसके धमकाने से कुंडी बंद हो जाए! फिर उसने कमरे में चारो तरफ अपनी निगाह फेरी। पर कहीं से कोई चारा न दिखा।

आरव को बेचैन देख वर्षा ने पास आकर उसका हाथ थामा और कमरे में मौजुद सोफे तक लेकर गई। फिर वहीं सोफे पर बैठ दोनों जीवनसाथी ने एक-दूसरे के साथ अपने दिल की सारी बातें बयां की और भावी ज़िंदगी से अपनी उम्मीद जाहिर की। एक-दूसरे की आंखो में खोए आपस में बतियाते एक घंटा कैसे निकल गया, पता ही न चला।

तभी बाहर से किसी ने ज़ोर-ज़ोर से दरवाजा पीटना शुरु कर दिया। जरूर यह मामी या भाभी ही होगी! आने दो, उनसे पुछते हैं कि कमरा तो दिला दिया पर इस बात की जाँच तक नहीं की कि दरवाजे में कुंडी है भी या नहीं।

आगे बढ़कर आरव और वर्षा ने एकसाथ हाथ लगाकर जोर से दरवाजा अपनी तरफ खींचा तो वह कडाक की आवाज़ के साथ खुल गया।

सामने कोर्ट के कर्मचारी पसीने से लथपथ और जज साहब के कोपभाजन का शिकार बनने को तैयार खड़े थें।

पर जज साहब के चेहरे पर मुस्कान थी। दरवाजा बंद होने की नहीं, बल्कि एक-दूसरे का हाथ थाम मतभेद रूपी दरवाजे की जकड़ी हुई कुंडी खुल जाने की।

आरव और वर्षा अभी भी एक-दूसरे का हाथ थामे खड़े थे। वो प्यार जिसके सहारे दोनों ने आजीवन एक-दूसरे का दामन थामने की क़सम खायी थी, सोच रूपी जकड़ी हुई कुंडी के खुलते ही वह फिर से उनके दिलोदिमाग पर उभर आया था।

उनके खिले हुए चेहरे पढ़ने में जज साहब को सेकंड भी न लगा। आरव और वर्षा ने भी उनकी तरफ देखकर मुस्कुरा दिया, जो उनके सम्बंध-विच्छेद नहीं बल्कि उनकी शादी के जन्म-जन्मांतर तक चलने का प्रमाण दे रहे थें।


Comments

Popular posts from this blog

दामाज बेटा बन जाता है पर बहू पराये घर की रहती है

  "अरे भाईसाहब (ननदोई) इतनी सुबह सुबह ?" "मम्मी पापा ने बुलाया था.कुछ जरूरी काम है." प्रमोद ने रश्मि को रूखा सा उत्तर दिया. "आ गये बेटे. बहू खड़े खड़े क्या बातें कर रही हो जाओ चाय बना लाओ." "जी मम्मी जी" रश्मि चाय बनाते हुए सोच रही थी ऐसी क्या बात हो सकती है जो भाईसाहब को सुबह बुलाया.कल रात उसे सास ससुर के कमरे से खुसुरफुसुर की आवाजें आ रही थी.मन में उठी किसी अनहोनी की आशंका को झटक कर वह चाय ले कर ड्रॉइंग रूम में गई. "बहू नाश्ता जल्दी बना देना.हमें काम से जाना है." "मम्मी जी कहाँ जाना है ?" "आकर बताते है तुम नाश्ते की तैयारी करो." रश्मि ने सास ससुर और प्रमोद को नाश्ता दिया.कुछ देर में तीनो तैयार हो कर चले गये और रश्मि घर के काम निपटाने लगी. ये थी रश्मि. शर्मा परिवार की इकलौती बहू.रश्मि की शादी रूपेश से हुए एक साल हो गया था.रूपेश की एक बड़ी शादीशुदा बहन कंचन और एक छोटी बहन काजल  जो कॉलेज में पढ़ती है.रूपेश दूसरे शहर में नौकरी करता था.उसकी इच्छा थी कि रश्मि  मम्मी पापा की देखभाल के लिए उनके साथ रहे.रश्मि ने भी रूपेश की इच्...

घर के लक्ष्मी का सम्मान

  "रवि... सुनिए ना... मुझे आपसे कुछ ज़रूरी बात करनी थी। वो मेरे पैरों में बहुत सूजन आ रही है और कमर में भी..." सुमन ने रात के सन्नाटे में, करवट बदलते हुए अपने पति रवि से कहने की कोशिश की। उसकी आवाज़ में एक दबी हुई कराह थी। रवि ने झल्लाहट में अपनी आँखों से बांह हटाई और मोबाइल की स्क्रीन पर समय देखा। रात के साढ़े ग्यारह बज रहे थे। "सुमन, प्लीज यार! अभी ऑफिस की टेंशन कम नहीं है जो तुम घर की रामायण शुरू कर देती हो? सुबह से शाम तक घर पर रहती हो, आराम ही तो करती हो। माँ बता रही थीं कि आजकल तुम दोपहर में दो-तीन घंटे सोती हो। फिर भी थकान? और ये पैरों में सूजन वूजन सब वहम है, थोड़ा वॉक किया करो। अब सोने दो, कल मेरी बहुत बड़ी प्रेजेंटेशन है।" रवि ने कंबल मुंह तक खींच लिया और दूसरी तरफ करवट ले ली। सुमन की आँखों में आए आंसू अँधेरे में ही जज़्ब हो गए। वह क्या बताती कि जिसे उसकी सास 'दोपहर की नींद' कहती हैं, वह असल में छत पर पापड़ और अचार सुखाने की चिलचिलाती धूप वाली मेहनत होती है। रवि को सच सुनना ही नहीं था, क्योंकि उसके लिए माँ का कहा पत्थर की लकीर था। सुमन ने चुपचाप एक दर्द न...

हकीकत

  सुमन के हाथों से शादी की मेहंदी भी नहीं उतरी थी कि उसके साथ सुधा जी ने उसे पूरी तरह से काम में झोंक दिया। सुबह से शाम हो जाती, लेकिन सुधा जी के काम तो मानो पूरे ही नहीं होते थे। जैसे ही सुमन आराम करने के लिए अपने कमरे में जाती, वैसे ही सुधा जी कहतीं, "बहू, जरा मेरे सिर में तेल की मालिश कर दो" या "कपड़े प्रेस कर दो"। कोई न कोई बहाना बनाकर पहले से ही तैयार रखतीं। सुमन कुछ भी नहीं बोल पाती और झट से काम पर लग जाती—आखिर नई-नई बहू जो ठहरी! सुमन के पति रोहित दूसरे शहर में नौकरी करते थे। शादी के लिए भी कम ही छुट्टियाँ मिली थीं, इसलिए शादी के आठ दिन बाद ही अपने काम पर लौट गए। तभी एक दिन… "अरे बहू, कब तक सोती रहेगी? कितना समय हो गया है, आज तुम्हारे ससुर जी ऑफिस के लिए भी निकल गए और तूने चाय तक नहीं बनाई। आगे से ध्यान रखना, समझ गई? ठीक चार बजे उठ जाना, क्योंकि तेरे ससुर जी सुबह छह बजे ही निकल जाते हैं। बहुएं तो काम के लिए ही तो लाई जाती हैं, एक लौटी बहू हो, नहीं बताएंगे तो कैसे सीखोगी? बड़े-बूढ़ों की कदर करना सीखो," सुधा जी नसीहत देतीं। "मुझसे गलती हो गई मांजी...