Skip to main content

अनोखी दोस्ती: ननद-भाभी की

 कल रात से ही बहुत तेज बारिश हो रही थी| ममता के मन के अंदर भी कुछ था जो बरसने के लिए तैयार बैठा था, पर ममता उसे बाहर आने देना नहीं चाहती थी | खिड़की के पास खड़े होकर बाहर बारिश की बूंदों को देखते हुए न जाने क्या सोच रही थी, तभी उसकी छोटी बहन पीछे से आकर कंधे पर धप से मारते हुए खिलखिला कर हंस पड़ी.. क्या सोच रही हो दीदी? तुम्हें तो खुश होना चाहिए, तुम्हारी शादी ऐसे घर में हो रही है जहां पर सास ही नहीं है| सोचो कितना मजा आएगा.. ससुराल जाते ही तुम्हारा हुकुम चलेगा और जीजाजी तुम्हारे गुलाम बने रहेंगे हा हा हा हा| लेकिन ममता कुछ बोली नहीं बस धीरे से मुस्कुरा दी|

बस 15 दिन ही तो बचे थे उसकी शादी को| ससुराल में बस पति , ससुर और एक ननंद थी,जिसकी अभी शादी नहीं हुई थी| वह कभी नहीं चाहती थी कि उसकी शादी ऐसे घर में हो जहां पर मां के आंचल की छाया ही ना हो| लेकिन उसके पति जब ग्रेजुएशन में थे तभी उसकी सास का देहांत हो गया था| उस समय उसकी ननद बस 15 साल की थी|

ममता जब शादी करके ससुराल आई तो उसने अपनी ननद को एक भाभी के साथ-साथ मां का प्यार देने की भी कोशिश की| लेकिन उसकी ननद रुचि ये सब के लिए बिल्कुल तैयार नहीं थी|  कमसिन उम्र में ही मां को खो देने वाली रुचि का अब तक अपने घर में एकाधिकार था| वह अपने घर में किसी और का अस्तित्व स्वीकार ही नहीं कर पा रही थी| आज तक सब कुछ उसके हिसाब से होता चला आ रहा था| उसे सब कुछ अपने हिसाब से ही देखना पसंद था|

बस इसी चक्कर में वह अपने भाभी को अपना ही नहीं पाई और वह सब कुछ करने लगी जो एक बुरी सास अपनी बहू के साथ करती है|  ममता के काम में नुक्स निकालना हो या उसे नीचा दिखाना या उसके मायके वालों की बुराई करनी हो, किसी भी चीज़ में वह कमी नहीं करती| कमी थी तो बस दो मीठे बोल की जो ममता रूचि से सुनना चाहती थी| ममता का दिल तो दुखता लेकिन बिन मां की बेटी का वह दिल नहीं दुखाना चाहती थी| वह सब कुछ वैसे ही करती जैसा रूचि चाहती| उसके पति और ससुर सब कुछ देख समझ रहे थे | उन्होंने रुचि को समझाना भी चाहा लेकिन वह कुछ समझने को तैयार ही नहीं थी|

धीरे-धीरे दिन इसी तरह बीतते रहे और रूचि की शादी का दिन भी आ गया| भैया-भाभी ने मां-बाप की तरह सारे रस्म अदा किए| रुचि अपने ससुराल चली गई| विदाई में सब खुब रोए| रूचि के जाने के बाद ममता को उसकी कमी बहुत खलती थी|  उसे रुचि की हिदायतें सुनने की आदत जो हो गई थी |

ममता ने फोन पर बात करने की कोशिश भी की लेकिन रूचि बस अपने पापा और भैया से ही बात करती| वो भी हालचाल लेकर फोन रख देते| ममता एक मां की तरह रूचि से सब कुछ पूछना चाहती थी.. कि वह अपने ससुराल में खुश है या नहीं...? सब उसकी इच्छा का आदर करते हैं या नहीं…?  एक भाभी की तरह उसे छेड़ना चाहती थी कि उसका पति उसे ज्यादा सताता तो नहीं…? लेकिन रूचि, ममता के फोन पर आते ही फोन काट देती|

आज एक महीने बाद रूचि अपने ससुराल से वापस  मायके आने वाली थी| उसके भैया लिवाने गए थे| ममता तो बहुत खुश थी| आरती की थाल सजाए उसका इंतजार कर रही थी तभी दरवाजे पर गाड़ी के हॉर्न का आवाज सुनाई दिया| ममता और उसके ससुर दोनों दरवाजे तक आ गए, आरती का थाल हाथ में ही था|

रुचि जैसी दरवाजे पर आई ममता ने उस की आरती उतारने चाही लेकिन यह क्या... रुचि सब कुछ अनदेखा करते हुए बस ममता के गले से लिपट गई और फूट-फूट कर रोने लगी|  ममता के ससुर जी तो डर गए, आखिर क्या हो गया| वह पूछने लगे क्या हुआ रुचि बता तो सही, लेकिन रुचि तो बस आज अपने मन का सारा लावा बहा देना चाहती थी|

भाभी प्लीज मुझे माफ कर दीजिए मैं आज तक आपको समझ ही नहीं पाई जब ससुराल में मेरे साथ वैसा ही व्यवहार होने लगा तब मुझे अपना व्यवहार समझ में आया| मैंने आपको कितना सताया था न भाभी|

ममता बोली मत रो रूचि, मैंने तुम्हारी बात का कभी बुरा नहीं माना | मैं तो तुझे अपनी छोटी बहन जैसा ही समझती थी | लेकिन यह सब बात भुला कर क्या मेरी ननद अपनी भाभी की दोस्त बनेगी... सच्ची दोस्त? रुचि ने रोते-रोते हां में सर हिलाया और ममता से लिपट गई| ममता ने भी झट से उसे गले से लगा लिया| आज दोनों के बीच सच्ची दोस्ती हो गई थी, जिन्दगी भर के लिए|

- प्रियंका दुबे


Comments

Popular posts from this blog

दामाज बेटा बन जाता है पर बहू पराये घर की रहती है

  "अरे भाईसाहब (ननदोई) इतनी सुबह सुबह ?" "मम्मी पापा ने बुलाया था.कुछ जरूरी काम है." प्रमोद ने रश्मि को रूखा सा उत्तर दिया. "आ गये बेटे. बहू खड़े खड़े क्या बातें कर रही हो जाओ चाय बना लाओ." "जी मम्मी जी" रश्मि चाय बनाते हुए सोच रही थी ऐसी क्या बात हो सकती है जो भाईसाहब को सुबह बुलाया.कल रात उसे सास ससुर के कमरे से खुसुरफुसुर की आवाजें आ रही थी.मन में उठी किसी अनहोनी की आशंका को झटक कर वह चाय ले कर ड्रॉइंग रूम में गई. "बहू नाश्ता जल्दी बना देना.हमें काम से जाना है." "मम्मी जी कहाँ जाना है ?" "आकर बताते है तुम नाश्ते की तैयारी करो." रश्मि ने सास ससुर और प्रमोद को नाश्ता दिया.कुछ देर में तीनो तैयार हो कर चले गये और रश्मि घर के काम निपटाने लगी. ये थी रश्मि. शर्मा परिवार की इकलौती बहू.रश्मि की शादी रूपेश से हुए एक साल हो गया था.रूपेश की एक बड़ी शादीशुदा बहन कंचन और एक छोटी बहन काजल  जो कॉलेज में पढ़ती है.रूपेश दूसरे शहर में नौकरी करता था.उसकी इच्छा थी कि रश्मि  मम्मी पापा की देखभाल के लिए उनके साथ रहे.रश्मि ने भी रूपेश की इच्...

घर के लक्ष्मी का सम्मान

  "रवि... सुनिए ना... मुझे आपसे कुछ ज़रूरी बात करनी थी। वो मेरे पैरों में बहुत सूजन आ रही है और कमर में भी..." सुमन ने रात के सन्नाटे में, करवट बदलते हुए अपने पति रवि से कहने की कोशिश की। उसकी आवाज़ में एक दबी हुई कराह थी। रवि ने झल्लाहट में अपनी आँखों से बांह हटाई और मोबाइल की स्क्रीन पर समय देखा। रात के साढ़े ग्यारह बज रहे थे। "सुमन, प्लीज यार! अभी ऑफिस की टेंशन कम नहीं है जो तुम घर की रामायण शुरू कर देती हो? सुबह से शाम तक घर पर रहती हो, आराम ही तो करती हो। माँ बता रही थीं कि आजकल तुम दोपहर में दो-तीन घंटे सोती हो। फिर भी थकान? और ये पैरों में सूजन वूजन सब वहम है, थोड़ा वॉक किया करो। अब सोने दो, कल मेरी बहुत बड़ी प्रेजेंटेशन है।" रवि ने कंबल मुंह तक खींच लिया और दूसरी तरफ करवट ले ली। सुमन की आँखों में आए आंसू अँधेरे में ही जज़्ब हो गए। वह क्या बताती कि जिसे उसकी सास 'दोपहर की नींद' कहती हैं, वह असल में छत पर पापड़ और अचार सुखाने की चिलचिलाती धूप वाली मेहनत होती है। रवि को सच सुनना ही नहीं था, क्योंकि उसके लिए माँ का कहा पत्थर की लकीर था। सुमन ने चुपचाप एक दर्द न...

हकीकत

  सुमन के हाथों से शादी की मेहंदी भी नहीं उतरी थी कि उसके साथ सुधा जी ने उसे पूरी तरह से काम में झोंक दिया। सुबह से शाम हो जाती, लेकिन सुधा जी के काम तो मानो पूरे ही नहीं होते थे। जैसे ही सुमन आराम करने के लिए अपने कमरे में जाती, वैसे ही सुधा जी कहतीं, "बहू, जरा मेरे सिर में तेल की मालिश कर दो" या "कपड़े प्रेस कर दो"। कोई न कोई बहाना बनाकर पहले से ही तैयार रखतीं। सुमन कुछ भी नहीं बोल पाती और झट से काम पर लग जाती—आखिर नई-नई बहू जो ठहरी! सुमन के पति रोहित दूसरे शहर में नौकरी करते थे। शादी के लिए भी कम ही छुट्टियाँ मिली थीं, इसलिए शादी के आठ दिन बाद ही अपने काम पर लौट गए। तभी एक दिन… "अरे बहू, कब तक सोती रहेगी? कितना समय हो गया है, आज तुम्हारे ससुर जी ऑफिस के लिए भी निकल गए और तूने चाय तक नहीं बनाई। आगे से ध्यान रखना, समझ गई? ठीक चार बजे उठ जाना, क्योंकि तेरे ससुर जी सुबह छह बजे ही निकल जाते हैं। बहुएं तो काम के लिए ही तो लाई जाती हैं, एक लौटी बहू हो, नहीं बताएंगे तो कैसे सीखोगी? बड़े-बूढ़ों की कदर करना सीखो," सुधा जी नसीहत देतीं। "मुझसे गलती हो गई मांजी...