Skip to main content

एक मासूम ख़्वाहिश

 पार्किंग में पहुँच कर जैसे ही स्नेहा ने अपनी छः साल की बेटी कुहू के लिए कार का बैक डोर खोला, वह मुँह चढ़ा कर फ्रंट डोर के सामने जा खड़ी हुई।

“कुहू बच्चे पीछे बैठते हैं, वहाँ मम्मा बैठेगी।” स्नेहा समझाते हुए बोली मगर कुहू कहाँ सुनने वाली थी। उसका गोलू सा मुँह फूल कर और कुप्पा हो गया। कुहू का रुआंसा चेहरा देख मयंक ने भीतर से अपनी बगल वाली सीट का दरवाज़ा खोल दिया। “पप्पा के साथ बैठना है प्रिंसेस को...आ जा” और वो छलांग लगाकर बैठ गई। बैठते ही उसने कार के म्यूजिक सिस्टम पर अपनी मनपसंद नर्सरी राइमस् लगा दी। रोज़ की तरह आज भी स्नेहा को पीछे बैठकर संतोष करना पड़ा।

हफ्ते भर से ये इस छोटे से परिवार का रोज़ का रूटीन हो गया था। डिनर के बाद कुहू का आइसक्रीम के लिए ज़िद करना,  स्नेहा का सर्दी का हवाला दे कर मना करना और मयंक का दोनों के बीच में आकर यह कहते हुए कुहू की ज़िद मान लेना, “आइसक्रीम तो पप्पा को भी खानी है...”

बैक सीट पर बैठी स्नेहा दोनों को हँसते-गुनगुनाते देख रही थी मगर वो चाह कर भी उनका हिस्सा नहीं बन पा रही थी। आजकल अज़ीब सी जलन महसुस करने लगी थी वो...कुहू के लिए...अपनी बेटी के लिए! ये एक ऐसा ख़याल था जो उसे भीतर ही भीतर शर्मिंदा भी कर रहा था मगर वो करे भी तो क्या! कैसे नकारे मीठे मातृत्व की ओट से लुकाछिपी खेल रही इस कसैली भावना को?

स्नेहा आजकल कुछ ज़्यादा ही नोटिस कर रही थी कि मयंक जब-तब कुहू की हर सही-गलत ज़िद के आगे सहजता से झुकने लगा था... और जब जब ऐसा होता, स्नेहा अतीत के उन गलियारों में भटकने चली जाती जहाँ छोटी स्नेहा कोई गलती या ज़िद करने के बाद अपने पिताजी के सामने अपराधिनी बनी खड़ी होती और वे उसे आँखें चौड़ी कर तेज़ आवाज़ में डाँट रहे होते।

उसे याद ही नहीं है कि कभी उसने अपने पिताजी का चेहरा नार्मल और हंसते हुए देखा हो... हमेशा ‘ये करो, ये नहीं करो’ की पट्टी पढ़ाते,  अनुशासन का ढोल बजाते, जरा जरा सी गलतियों पर डाँटते और मम्मी को सुनाते, ‘लड़की को ज़रा तमीज़ सिखाओ, इसे अगले घर जाना है...’ पिता के सामने स्नेहा ना कभी अपने मन की कह पाई, ना ही कर पाई। शुष्क हवाओं के बीच जैसे-तैसे ये बेल परवान चढ़ी और एक दिन ससुराल की क्यारी में रौप दी गई।

सख़्त परवरिश के असर से हर काम तमीज़ से करना, समय पर करना और अपनी हद़ में रहना स्नेहा के खून में आ गया था। मंयक अच्छा पति था। वो हर वह काम करता था जो अच्छे पति किया करते हैं मसलन घर की जरूरतों का ख्याल रखना, कभी कभी स्नेहा को सिनेमा, डिनर पर ले जाना,  बर्थ डे-ऐनीवर्सरी पर गिफ्ट देना...आदि।

दोनों में कभी किसी बात पर मतभेद नहीं हुए क्योंकि घर वैसे ही चल रहा था जैसे मयंक चाहता था। कार में वो ही गाने चलते थे जो मयंक ट्यून करता था। उसके हर निर्णय में स्नेहा की मौन स्वीकृति रहती।

सब कुछ सही चल रहा था। मगर उसकी बेटी ने, उसके भीतर दम तोड़ चुकी उस छोटी स्नेहा को फिर से जिंदा कर दिया था जिसे कुहू का बात-बात पर जिद़ करना अच्छा नहीं लगता था... और उससे भी ज्यादा बुरा लगता था उसके पापा का हर बार उसके सामने ख़ुशी ख़ुशी झुक जाना।

स्नेहा को यकीन नहीं होता था कि पिता ऐसे भी हो सकते हैं!  वह यह देख कर हैरान रह जाती थी कि यह वही मयंक है जिसे हर काम अपने मन मुताबिक करने की आदत है, जो किसी के लिए अपना रूटिन नहीं बदल सकता...मगर कुहू के सामने कैसा मोम सा पिघला रहता, वो जैसा चाहती, प्यार से ढल जाता।

आज रविवार था। लंच के वक्त स्नेहा ने अपनी और मयंक की थाली लगा ली। कुहू को एक कटोरे में दाल-चावल मिला कर दे दिये। मगर कुहू अपने हाथ से न खाने की जिद़ करने लगी। स्नेहा ने उसे ज़ोर देकर ख़ुद खाने के लिए कहा तो उसने ठिनकना शुरु कर दिया। “नई...आप ई खिलाओं...” स्नेहा नहीं मानी।

“आओं, पप्पा खिला देंगें।” मयंक ने झट से उसका खाना लिया और खिलाने लगा। बस आज स्नेहा से बर्दाश्त नहीं हुआ और वो फट पड़ी।

“इसकी हर सही-गलत बात मान कर तुम इसे बिगाड़ रहे हो मंयक!  इसकी उम्र में मैं खाना खाकर मेज़ भी पौंछ दिया करती थी।”

“अरे थोड़ा खिला दिया तो क्या हुआ, हमेशा हमारे हाथ से थोड़े ही खाएगी?” कहकर मयंक खिलाने लगा तो स्नेहा ने रोक दिया।

“नहीं, तुम आज खुद से ही खाओगी!” कहते हुए उसकी आँखें उतनी ही चौड़ी हो चली जितनी उसके पिता की हुआ करती थी, स्वर वैसा ही कर्कश हो गया जैसे उसके पिता का हो जाया करता था। फ़र्क बस इतना था, वो चुपचाप खड़ी रह जाती थी मगर कुहू दहाड़े मार कर रोने लगी।

इस पर मयंक चिल्ला पड़ा, “ये क्या ज़िद लगा रखी है तुमने!  वो तो बच्ची है ज़िद करेगी ही, मगर तुम तो बड़ी हो, तुम्हारा यू ज़िद करना अच्छा लगता है क्या?  देख रहा हूँ आजकल कुछ ज्यादा ही स़ख्त होती जा रही हो...”  कह कर उसने कुहू को गोद में बैठा लिया और पुचकारते हुए खाना खिलाने लगा।

स्नेहा सन्न खड़ी रह गई। आज मैं बड़ी हूँ इसलिए ज़िद नहीं कर सकती और जब मैं छोटी थी तब!  तब भी अपने मन की कहाँ कुछ कर पाई थी। उसे लगा जैसे पलकों पर बंधा बांध आज टूटने की कगार पर है, तो वह कमरे में चली आई।

स्नेहा आज खुद से ड़र गई थी। कुछ समझ नहीं आ रहा था उसे क्या हो रहा है। लग रहा था जैसे कंधे पर पिताजी की छाया आ बैठी हो जो उसे अपने जैसा बनाती जा रही हो। नहीं! ये सही नहीं है...मैं कुहू को दूसरी स्नेहा नहीं बनने दे सकती! उस दिन के बाद से  स्नेहा कुहू से संभल कर व्यवहार करने लगी।

एक ख़ामोश रात तारों की चादर ओढ़ सुस्ताने चली थी। मयंक पास सोई कुहू के बालों को सहला रहा था।  स्नेहा सोने से पहले हाथों पर नाइट क्रीम मलते हुए बिस्तर के सिराहने आ कर बैठ गई। मयंक ने उसे अपनी ओर खींच लिया और प्यार से बोला “दो दिन बाद तुम्हारा बर्थ डे है, बताओं क्या गिफ्ट लोगी इस बार?”

“क्या लूं? सब कुछ तो है मेरे पास”, स्नेहा ने उसके कंधे पर हौले से सिर टिका दिया।

“छोड़ो भी, अब इतना भी रानी बना कर नहीं रखा हुआ...कुछ तो होगा जिसे पाने को मन ललचता होगा?” सुन कर स्नेहा कहीं भीतर डूब गई जहाँ कुछ अधूरी ख्वाहिशें अधमृत पड़ी ऊंघ रही थी। कैसे कहूँ क्या चाहिए! मन क्या पाने को ललचता है आजकल! थोड़ा सा लाड़, थोड़ा दुलार, बेवज़ह की मनुहार...

“कहाँ खो गई, गिफ्ट के लिए इतना सोचना पड़ रहा है? अरे बोल कर तो देखो! तुम्हारे लिए तारें तोड़ कर न ले आऊँ तो कहना...” मयंक प्यार से उसकी आँखों में झांकते हुए उसकी उंगलियाँ सहलाने लगा।

“सुनो! बस एक वादा दे दो इस बार”, स्नेहा धीमे से फुसफुसाई।

“क्या?”

“अगर कभी कुछ ऐसी ज़िद करूं जिसमें तुम्हारी सहमति ना हो, जो तुम्हें ठीक ना लगे...तो ऐसे झुक जाना जैसे अपनी प्रिंसेस के सामने झुक जाते हो...बस यही चाहिए...” स्नेहा की सजल आँखे एक मासूम ख्वाहिश उभर आई। मयंक उसे अपलक देखता रह गया। उन आँखों से एक दमित बचपन झाँक रहा था जिसे देख वह सिहर गया। उसने स्नेहा के दोनों हाथों को कस कर थाम लिया।

"पहले तुम भी एक वादा करो, मुझसे उसी हक से जिद करोगी जिस हक से प्रिंसेस करती है", सुनकर स्नेहा की आंखों से दो मोती लुढ़क गये, जो उसके नहीं उस छोटी स्नेहा के थे जिसे बरसों बाद अपनों से ज़िद करने का हक मिला था।


Comments

Popular posts from this blog

दामाज बेटा बन जाता है पर बहू पराये घर की रहती है

  "अरे भाईसाहब (ननदोई) इतनी सुबह सुबह ?" "मम्मी पापा ने बुलाया था.कुछ जरूरी काम है." प्रमोद ने रश्मि को रूखा सा उत्तर दिया. "आ गये बेटे. बहू खड़े खड़े क्या बातें कर रही हो जाओ चाय बना लाओ." "जी मम्मी जी" रश्मि चाय बनाते हुए सोच रही थी ऐसी क्या बात हो सकती है जो भाईसाहब को सुबह बुलाया.कल रात उसे सास ससुर के कमरे से खुसुरफुसुर की आवाजें आ रही थी.मन में उठी किसी अनहोनी की आशंका को झटक कर वह चाय ले कर ड्रॉइंग रूम में गई. "बहू नाश्ता जल्दी बना देना.हमें काम से जाना है." "मम्मी जी कहाँ जाना है ?" "आकर बताते है तुम नाश्ते की तैयारी करो." रश्मि ने सास ससुर और प्रमोद को नाश्ता दिया.कुछ देर में तीनो तैयार हो कर चले गये और रश्मि घर के काम निपटाने लगी. ये थी रश्मि. शर्मा परिवार की इकलौती बहू.रश्मि की शादी रूपेश से हुए एक साल हो गया था.रूपेश की एक बड़ी शादीशुदा बहन कंचन और एक छोटी बहन काजल  जो कॉलेज में पढ़ती है.रूपेश दूसरे शहर में नौकरी करता था.उसकी इच्छा थी कि रश्मि  मम्मी पापा की देखभाल के लिए उनके साथ रहे.रश्मि ने भी रूपेश की इच्...

घर के लक्ष्मी का सम्मान

  "रवि... सुनिए ना... मुझे आपसे कुछ ज़रूरी बात करनी थी। वो मेरे पैरों में बहुत सूजन आ रही है और कमर में भी..." सुमन ने रात के सन्नाटे में, करवट बदलते हुए अपने पति रवि से कहने की कोशिश की। उसकी आवाज़ में एक दबी हुई कराह थी। रवि ने झल्लाहट में अपनी आँखों से बांह हटाई और मोबाइल की स्क्रीन पर समय देखा। रात के साढ़े ग्यारह बज रहे थे। "सुमन, प्लीज यार! अभी ऑफिस की टेंशन कम नहीं है जो तुम घर की रामायण शुरू कर देती हो? सुबह से शाम तक घर पर रहती हो, आराम ही तो करती हो। माँ बता रही थीं कि आजकल तुम दोपहर में दो-तीन घंटे सोती हो। फिर भी थकान? और ये पैरों में सूजन वूजन सब वहम है, थोड़ा वॉक किया करो। अब सोने दो, कल मेरी बहुत बड़ी प्रेजेंटेशन है।" रवि ने कंबल मुंह तक खींच लिया और दूसरी तरफ करवट ले ली। सुमन की आँखों में आए आंसू अँधेरे में ही जज़्ब हो गए। वह क्या बताती कि जिसे उसकी सास 'दोपहर की नींद' कहती हैं, वह असल में छत पर पापड़ और अचार सुखाने की चिलचिलाती धूप वाली मेहनत होती है। रवि को सच सुनना ही नहीं था, क्योंकि उसके लिए माँ का कहा पत्थर की लकीर था। सुमन ने चुपचाप एक दर्द न...

हकीकत

  सुमन के हाथों से शादी की मेहंदी भी नहीं उतरी थी कि उसके साथ सुधा जी ने उसे पूरी तरह से काम में झोंक दिया। सुबह से शाम हो जाती, लेकिन सुधा जी के काम तो मानो पूरे ही नहीं होते थे। जैसे ही सुमन आराम करने के लिए अपने कमरे में जाती, वैसे ही सुधा जी कहतीं, "बहू, जरा मेरे सिर में तेल की मालिश कर दो" या "कपड़े प्रेस कर दो"। कोई न कोई बहाना बनाकर पहले से ही तैयार रखतीं। सुमन कुछ भी नहीं बोल पाती और झट से काम पर लग जाती—आखिर नई-नई बहू जो ठहरी! सुमन के पति रोहित दूसरे शहर में नौकरी करते थे। शादी के लिए भी कम ही छुट्टियाँ मिली थीं, इसलिए शादी के आठ दिन बाद ही अपने काम पर लौट गए। तभी एक दिन… "अरे बहू, कब तक सोती रहेगी? कितना समय हो गया है, आज तुम्हारे ससुर जी ऑफिस के लिए भी निकल गए और तूने चाय तक नहीं बनाई। आगे से ध्यान रखना, समझ गई? ठीक चार बजे उठ जाना, क्योंकि तेरे ससुर जी सुबह छह बजे ही निकल जाते हैं। बहुएं तो काम के लिए ही तो लाई जाती हैं, एक लौटी बहू हो, नहीं बताएंगे तो कैसे सीखोगी? बड़े-बूढ़ों की कदर करना सीखो," सुधा जी नसीहत देतीं। "मुझसे गलती हो गई मांजी...