Skip to main content

कचौरियां

 रसोई में लन्च का काम निपटाकर  हेमा अपने कमरें में लौटी तो बिस्तर पर पड़े उसके मोबाइल पर तीन तीन मिस कॉल थे.

हेमा ने जल्दी से फोन उठाकर देखा तो तीनो कॉल उसके पिताजी दयानंदजी के थे.

बाबुजी के तीन तीन कॉल देख हेमा कुछ परेशान सी हो गयी थी.

उस ने जल्दी से बाबुजी का नम्बर मिलाया.

"बाबुजी सॉरी मैं फोन के पास नही थी इसलिए रिंग सुन नही पाई."

"अरे बिटिया  मोबाइल फोन से तो इंसान जितनी देर दूर रहे उतना अच्छा है.....वेसे खबर ये देनी थी कि कल मकर संक्रांति है और परसो मकर संक्रांति का सामान लेकर तेरे घर आ रहा हूँ सुबह की ट्रेन से."

हेमा के पिताजी दयानन्द बाबू की आवाज में अपनी लाडली बिटिया से मिलने की खुशी साफ झलक रही थी.

"पर कैसा सामान लेकर आ रहे है आप बाउजी."

"अब सामान में क्या क्या है ले तू अपनी माँ से पूछ लें ."

बोलते हुए दयानंद बाबू ने फोन पत्नी की तरफ बढ़ा दिया था.

"जुग जुग जियो बिटिया और देख इस बार सब कुछ तुम्हारी

पसन्द का बनाये है अपने हाथों से.गुड़ और चीनी के तिलकुट, बादाम की चक्की, देशी घी में बनी दाल की कचौरिया,एक हांडी ताजा दही.इसके अलावा समधन जी के लिए सुंदर सी शाल और  समधीजी जी के लिए कुर्ता-बंडी लेकर आ रहे है तुम्हारे बाउजी.मन तो मेरा भी कर रहा था तुझसे मिलने का पर तुझे तो पता ही है कि जाड़े में घुटने का दर्द बढ़ जाता है."

हेमा चुपचाप बस सुने जा रही थी.

"ठीक है माँ अभी कुछ काम है मुझे मैं बाद में बात करती हूं"

बाकी दिन तो माँ बाबुजी  से बात करते समय उसे फोन रखने का मन नही करता था.पर बाबुजी के आने की खबर ने उसे इस कदर चिंता में डाल दिया था कि उसने फोन रख देना ही सही समझा था.

माता पिता की बेहद लाडली हेमा को आखिर क्यों उनके इस फोन ने एकदम से परेशान कर दिया था?

सरकारी बैंक से हाल ही में रिटायर हुए दयानन्द बाबू की चार पुत्रियों में हेमा सबसे छोटी और  सबकी दुलारी थी.

अपनी साधारण सी क्लर्की में भी दयानन्द बाबू ने चारों बेटियों को उच्च शिक्षा देने में कोई कसर नही छोड़ी थी. पत्नी ने भी पुत्रियों को उच्चे संस्कार,जीवन मे धैर्य और जुबान में मीठेपन का ज्ञान बखूबी दिया था.अपनी हैसियत के अनुसार दयानन्द बाबू ने काफी देख परख कर पहली तीनो बेटियों का विवाह रचाया था और सभी अपने घर संसार मे बेहद खुश थी.

हेमा सबकी लाडली थी और थोड़ी चुलबुल भी इसीलिए उसके विवाह को लेकर सभी परेशान रहा करते थे.

दयानन्द जी के बैंक में अक्सर आना जाना करने वाले सीमेंट और लोहे के बड़े व्यापारी सेठ निहाल चंद जी ने किसी समारोह में हेमा को देखा था और तभी से वो उसे अपने छोटे पुत्र की वधु बनाने का सपना देखने लगे थे.

बड़ा करोबार,पांच पांच मकान,गाड़ी घोड़ा,समाज मे प्रतिष्ठा,ऊंची पहुँच.

बेहद सरल जीवन जीने के आदि दयानन्द बाबू को बेटियों के लिए मेहनती और औसत हैसियत वाले घराने ही पसन्द आते थे पर बैंक के सहकर्मियों और मित्रों के दबाव में दयानन्द बाबू सेठ निहाल चंद जी के परिवार में बेटी को व्याह देने के लिए सहमत हो गए थे.

बारात काफी अमीर परिवार की थी पर उसूलों के पक्के दयानन्द जी ने बारातियों का स्वागत - सत्कार अपनी हैसियत के अनुसार ही किया था.विवाह के बाद रिसेप्शन की पार्टी में निहाल चंद जी ने सारी कसर निकाल ली थी.शहर के सबसे महंगे होटल के लॉन में काफी शानदार पार्टी रखी थी उन्होंने.

ससुराल में हेमा को किसी चीज की कमी नही थी.न किसी प्रकार की रोक टोक थी.पर फिर भी जाने क्यों एक अजीब सी उदासी हेमा को अंदर ही अंदर दबोचे रखती थी.

उसे हैरानी होती थी कि परिवार में हर  किसी ने अपनी अलग दुनिया बनाई हुई थी.सब अपने संसार मे रमे हुए थे.ससुर जी और पतिदेव के लिए सुबह से देर रात तक बस व्यापार ही व्यापार.

जेठजी सीमेंट का नया प्लांट लगा रहे थे तो वो हर समय लेपटॉप और फाइलों में लगे रहते थे.सासु मां और जेठानी जी की अपनी अपनी मित्र मंडली थी.

मायके में दो कमरों के छोटे से मकान में भी वो सब कितनी खुश रहा करती थी.दिनभर एकदूसरे संग हंसी मजाक तो कभी कभी नोक झोंक. मिलकर घर की साफ सफाई,खाना बनाना.बाबुजी के बैंक से आते ही उनके लिए बगैर दूध वाली चाय और फिर उनके सर की जोरदार मालिश.

कितना कुछ छूट गया था उसका मायके में और जो सम्पन्नता ससुराल में मिली थी उसकी उसने कभी चाह नही की थी.

हेमा इसी बात को लेकर विचलित थी कि उसका पैसे वाला ससुराल और अपने अपने कामो में उलझे परिवार के लोग क्या उसके सादगी पसन्द बाबुजी को उचित मान सम्मान और समय दे पाएंगे?

हांडी भरी दही,कचौरिया भला यहां कौन खायेगा.

क्या भौतिक सुख और दौलत के सागर में गौते लगाता उसका ससुराल मकर संक्रांति में पुत्र वधु के मायके से आने वाले तोहफे का महत्व समझ पायेगा?

उसे मां पिताजी से मिले बगैर रहना मंजूर था पर उनका अपमान कतई स्वीकार न था.

रात बड़ी बेचैनी से कटी थी उसकी.

सुबह उठी तो  मन मे एक छिपी उमंग थी कि चार महीने बाद बाबुजी के कंधे पर सर रख पाएगी.दूसरी तरफ बाबुजी के मान सम्मान को लेकर  एक अनजान सी घबराहट.

ससुर जी और पतिदेव आज सुबह ही कही निकल गए थे.सासु मां न जाने कहाँ जाने को सुबह से तैयार हो रही थी. हेमा चाहती भी यही थी कि बाबुजी के आने पर घर मे उन्हें कोई न मिले.

वो बार बार घड़ी देखे जा रही थी.ट्रेन तो आ गयी होगी.बाबुजी ऑटो से आधे घण्टे में अब आ ही जायेंगे.

थोड़ी देर बाद मेन गेट खुला तो हेमा दौड़ती हुई बाहर की ओर भागी पर सामने किसी ऑटो के बजाय ससुर जी की गाड़ी थी.

अगला पल और भी आचम्भित करने वाला था.गाड़ी से ससुर जी के संग बाबुजी उतर रहे थे और पतिदेव उनका सामान उठाये पीछे पीछे थे.

हेमा को कुछ समझ नही आ रहा था.

ससुर जी मुस्कुराते हुए समधीजी का हाथ थामे अंदर की ओर आ रहे थे.

"बहु हमे तो दयानन्द बाबू ने पहले ही आने की सूचना दे दी थी.इसलिए आज हमसब ने सारे कामधाम से छुट्टी लेकर पूरा दिन अपने समधी जी के साथ बिताने और उनके लाये कुर्ते बंडी पहनकर  दही- तिलकुट का आनन्द लेने का प्रोग्राम बना लिया था."

सासु माँ एकदम बढ़िया से तैयार होकर हेमा के बाबुजी का अभिनन्दन कर रही थी.जेठ जेठानी ने पूरी श्रद्धा से बाबुजी के पांव छूकर आशीर्वाद लिया था.

दयानन्द जी के आस पास पूरा परिवार इस तरह बैठ गया था मानो सभी को बिजनेस की उलझनों और तनाव से भरी दुनिया की थकावट के बाद  गांव के किसी बरगद के विशाल वृक्ष की ठंडी छांव मिल गयी हो.


Comments

Popular posts from this blog

दामाज बेटा बन जाता है पर बहू पराये घर की रहती है

  "अरे भाईसाहब (ननदोई) इतनी सुबह सुबह ?" "मम्मी पापा ने बुलाया था.कुछ जरूरी काम है." प्रमोद ने रश्मि को रूखा सा उत्तर दिया. "आ गये बेटे. बहू खड़े खड़े क्या बातें कर रही हो जाओ चाय बना लाओ." "जी मम्मी जी" रश्मि चाय बनाते हुए सोच रही थी ऐसी क्या बात हो सकती है जो भाईसाहब को सुबह बुलाया.कल रात उसे सास ससुर के कमरे से खुसुरफुसुर की आवाजें आ रही थी.मन में उठी किसी अनहोनी की आशंका को झटक कर वह चाय ले कर ड्रॉइंग रूम में गई. "बहू नाश्ता जल्दी बना देना.हमें काम से जाना है." "मम्मी जी कहाँ जाना है ?" "आकर बताते है तुम नाश्ते की तैयारी करो." रश्मि ने सास ससुर और प्रमोद को नाश्ता दिया.कुछ देर में तीनो तैयार हो कर चले गये और रश्मि घर के काम निपटाने लगी. ये थी रश्मि. शर्मा परिवार की इकलौती बहू.रश्मि की शादी रूपेश से हुए एक साल हो गया था.रूपेश की एक बड़ी शादीशुदा बहन कंचन और एक छोटी बहन काजल  जो कॉलेज में पढ़ती है.रूपेश दूसरे शहर में नौकरी करता था.उसकी इच्छा थी कि रश्मि  मम्मी पापा की देखभाल के लिए उनके साथ रहे.रश्मि ने भी रूपेश की इच्...

घर के लक्ष्मी का सम्मान

  "रवि... सुनिए ना... मुझे आपसे कुछ ज़रूरी बात करनी थी। वो मेरे पैरों में बहुत सूजन आ रही है और कमर में भी..." सुमन ने रात के सन्नाटे में, करवट बदलते हुए अपने पति रवि से कहने की कोशिश की। उसकी आवाज़ में एक दबी हुई कराह थी। रवि ने झल्लाहट में अपनी आँखों से बांह हटाई और मोबाइल की स्क्रीन पर समय देखा। रात के साढ़े ग्यारह बज रहे थे। "सुमन, प्लीज यार! अभी ऑफिस की टेंशन कम नहीं है जो तुम घर की रामायण शुरू कर देती हो? सुबह से शाम तक घर पर रहती हो, आराम ही तो करती हो। माँ बता रही थीं कि आजकल तुम दोपहर में दो-तीन घंटे सोती हो। फिर भी थकान? और ये पैरों में सूजन वूजन सब वहम है, थोड़ा वॉक किया करो। अब सोने दो, कल मेरी बहुत बड़ी प्रेजेंटेशन है।" रवि ने कंबल मुंह तक खींच लिया और दूसरी तरफ करवट ले ली। सुमन की आँखों में आए आंसू अँधेरे में ही जज़्ब हो गए। वह क्या बताती कि जिसे उसकी सास 'दोपहर की नींद' कहती हैं, वह असल में छत पर पापड़ और अचार सुखाने की चिलचिलाती धूप वाली मेहनत होती है। रवि को सच सुनना ही नहीं था, क्योंकि उसके लिए माँ का कहा पत्थर की लकीर था। सुमन ने चुपचाप एक दर्द न...

हकीकत

  सुमन के हाथों से शादी की मेहंदी भी नहीं उतरी थी कि उसके साथ सुधा जी ने उसे पूरी तरह से काम में झोंक दिया। सुबह से शाम हो जाती, लेकिन सुधा जी के काम तो मानो पूरे ही नहीं होते थे। जैसे ही सुमन आराम करने के लिए अपने कमरे में जाती, वैसे ही सुधा जी कहतीं, "बहू, जरा मेरे सिर में तेल की मालिश कर दो" या "कपड़े प्रेस कर दो"। कोई न कोई बहाना बनाकर पहले से ही तैयार रखतीं। सुमन कुछ भी नहीं बोल पाती और झट से काम पर लग जाती—आखिर नई-नई बहू जो ठहरी! सुमन के पति रोहित दूसरे शहर में नौकरी करते थे। शादी के लिए भी कम ही छुट्टियाँ मिली थीं, इसलिए शादी के आठ दिन बाद ही अपने काम पर लौट गए। तभी एक दिन… "अरे बहू, कब तक सोती रहेगी? कितना समय हो गया है, आज तुम्हारे ससुर जी ऑफिस के लिए भी निकल गए और तूने चाय तक नहीं बनाई। आगे से ध्यान रखना, समझ गई? ठीक चार बजे उठ जाना, क्योंकि तेरे ससुर जी सुबह छह बजे ही निकल जाते हैं। बहुएं तो काम के लिए ही तो लाई जाती हैं, एक लौटी बहू हो, नहीं बताएंगे तो कैसे सीखोगी? बड़े-बूढ़ों की कदर करना सीखो," सुधा जी नसीहत देतीं। "मुझसे गलती हो गई मांजी...