Skip to main content

सूरज न बन पाए तो!

 "क्या गाता है यार आर्यन!...लग रहा था बस सुनते जाओ।" बी.ए. द्वितीय वर्ष की छात्रा शुभा अपने सहपाठी की प्रशंसा करते हुए नहीं थक रही थी।

"सच में! जितना सेंसफुल सॉन्ग था, उतनी ही इमोशन भरी आवाज़...सूरज न बन पाये तो, बनके दीपक जलता चल।" मेधा ने भी कोई कसर बाक़ी न रखी।

दोनों की तीसरी सखी रुचिरा दोनों की बातें सुनकर केवल मुस्कुरा रही थी।

म्यूज़िक क्लास के बाद ये तीनों पक्की सहेलियाँ कॉलेज से आज गुनगुनाती हुई निकलीं। रुचिरा आज उन्हें अपने जन्मदिन की पिछले हफ़्ते से ड्यू ट्रीट देने वाली थी। कॉलेज के सामने पेड़ की घनी छाँव में खड़ी हो तीनों रिक्शे के लिए इधर-उधर नज़र दौड़ाने लगीं। उनका शहर कुछ कस्बेनुमा है, जहाँ अभी भी ऑटो-रिक्शा के बदले सायकल-रिक्शे ही अधिक चलते हैं।

एकाएक कुछ याद करते हुए शुभा ने रुचिरा की ओर निगाहें तिरछी कीं,

"यार, कोई बुढ़ऊ को न रोक लेना पिछली बार की तरह.... मुझे बहुत दया आती है उनको बड़ी मुश्किल से रिक्शा खींचते देख!"

मेधा ने भी सुर मिलाया,

"हाँ यार! मोल-भाव भी करते नहीं बनता किराये का!"

रुचिरा प्रतिक्रिया में अपनी बात रख पाती इससे पहले ही एक बुज़ुर्ग ने उनके पास अपना सायकल-रिक्शा रोका, "कहीं चलने का है क्या बिटिया लोग?"

रुचिरा ने पहले दोनों सखियों के चेहरे पर उमड़ आयी नागवारी को देखा, फिर बुज़ुर्ग के चेहरे पर तैरती उम्मीद को। उसे सोच-विचार करता देख शुभा ने उसको कोहनी मारी। यह शायद इशारा था कि मना कर दो। अचानक रुचिरा की आँखों में दृढ़ता चमक उठी,

"प्रताप चौक ले चलिएगा बाबा?"

"काहे नहीं ले चलेंगे...हम तो रोज ही उधर जाते हैं!"

"तो फिर ले चलिए!" बोलती वह लपक कर रिक्शे में बैठ गयी। विवश होकर दोनों सहेलियों को भी बैठना पड़ा।

कुछ दूर जाने पर सड़क पर ढाल थी तो रिक्शे की गति तेज हो गयी। मेधा और शुभा आते-जाते, बाइक की रेस लगाते हमउम्र लड़कों को देख उन पर चुहल भरी टिप्पणियाँ करके आपस में हँसी-मज़ाक कर रही थीं मगर रुचिरा का ध्यान सड़क पर था। ढाल समाप्त हो गयी थी, अब थोड़ी दूर समतल सड़क के बाद खड़ी चढ़ाई सी थी। रिक्शा खींचने के लिए रिक्शेवाले को पूरा दम लगाना पड़ रहा था। तेज धूप में वह पसीने से तर-ब-तर हो चुका था अबतक। अचानक रुचिरा ने आवाज दी, "बाबा, सुनिए...जरा रुकिएगा तो!"

रिक्शेवाले ने ब्रेक लगाये और रिक्शे से उतर पड़ा। उसकी साँसें लुहार की धौंकनी सी चल रही थीं। उसने अपने गले में पड़े मटमैले गमछे से माथे व गर्दन का पसीना पोंछा फिर तनिक साँस लेकर लड़कियों की ओर सवालिया नज़रों से देखने लगा।

रुचिरा तुरन्त रिक्शे से उतर पड़ी। उसने मेधा और शुभा को भी उतरने का इशारा किया तो दोनों ख़ुश हो गयीं,

"चलो, इसे हमारी बात तो समझ में आयी, देर से ही सही!"

उन्हें उतरता देख बुज़ुर्ग की आँखों में मायूसी झलक आयी थी। इतनी कम दूरी के तो 10-15 रुपये ही मिल पायेंगे, अन्यथा बताये गये पते का किराया उसने 60 रुपये ठहराया था। उसे अपने बुढ़ाते, अशक्त होते शरीर पर अपराधबोध हो आया। परिवार की गाड़ी तो जैसे-तैसे अबतक खींचता ही आ रहा है लेकिन अब यह रिक्शा घाटे का काम हो चला है, सवारियाँ या तो मिलती नहीं या फिर यों ही आधे रास्ते में...।

"बाबा, यह किराये के पैसे रख लीजिए आप!...और ये चढ़ाई पार कर लीजिए, फिर हमें आगे से दोबारा बैठा लीजिएगा!"

रिक्शेवाले को अपने कानों पर विश्वास नहीं हुआ। भाव-भरे विस्मय से देखता हुआ वह कुछ कह पाता, उससे पहले ही रुचिरा दोनों सहेलियों का हाथ पकड़ तेजी से सड़क पर आगे बढ़ गयी थी।


Comments

Popular posts from this blog

दामाज बेटा बन जाता है पर बहू पराये घर की रहती है

  "अरे भाईसाहब (ननदोई) इतनी सुबह सुबह ?" "मम्मी पापा ने बुलाया था.कुछ जरूरी काम है." प्रमोद ने रश्मि को रूखा सा उत्तर दिया. "आ गये बेटे. बहू खड़े खड़े क्या बातें कर रही हो जाओ चाय बना लाओ." "जी मम्मी जी" रश्मि चाय बनाते हुए सोच रही थी ऐसी क्या बात हो सकती है जो भाईसाहब को सुबह बुलाया.कल रात उसे सास ससुर के कमरे से खुसुरफुसुर की आवाजें आ रही थी.मन में उठी किसी अनहोनी की आशंका को झटक कर वह चाय ले कर ड्रॉइंग रूम में गई. "बहू नाश्ता जल्दी बना देना.हमें काम से जाना है." "मम्मी जी कहाँ जाना है ?" "आकर बताते है तुम नाश्ते की तैयारी करो." रश्मि ने सास ससुर और प्रमोद को नाश्ता दिया.कुछ देर में तीनो तैयार हो कर चले गये और रश्मि घर के काम निपटाने लगी. ये थी रश्मि. शर्मा परिवार की इकलौती बहू.रश्मि की शादी रूपेश से हुए एक साल हो गया था.रूपेश की एक बड़ी शादीशुदा बहन कंचन और एक छोटी बहन काजल  जो कॉलेज में पढ़ती है.रूपेश दूसरे शहर में नौकरी करता था.उसकी इच्छा थी कि रश्मि  मम्मी पापा की देखभाल के लिए उनके साथ रहे.रश्मि ने भी रूपेश की इच्...

घर के लक्ष्मी का सम्मान

  "रवि... सुनिए ना... मुझे आपसे कुछ ज़रूरी बात करनी थी। वो मेरे पैरों में बहुत सूजन आ रही है और कमर में भी..." सुमन ने रात के सन्नाटे में, करवट बदलते हुए अपने पति रवि से कहने की कोशिश की। उसकी आवाज़ में एक दबी हुई कराह थी। रवि ने झल्लाहट में अपनी आँखों से बांह हटाई और मोबाइल की स्क्रीन पर समय देखा। रात के साढ़े ग्यारह बज रहे थे। "सुमन, प्लीज यार! अभी ऑफिस की टेंशन कम नहीं है जो तुम घर की रामायण शुरू कर देती हो? सुबह से शाम तक घर पर रहती हो, आराम ही तो करती हो। माँ बता रही थीं कि आजकल तुम दोपहर में दो-तीन घंटे सोती हो। फिर भी थकान? और ये पैरों में सूजन वूजन सब वहम है, थोड़ा वॉक किया करो। अब सोने दो, कल मेरी बहुत बड़ी प्रेजेंटेशन है।" रवि ने कंबल मुंह तक खींच लिया और दूसरी तरफ करवट ले ली। सुमन की आँखों में आए आंसू अँधेरे में ही जज़्ब हो गए। वह क्या बताती कि जिसे उसकी सास 'दोपहर की नींद' कहती हैं, वह असल में छत पर पापड़ और अचार सुखाने की चिलचिलाती धूप वाली मेहनत होती है। रवि को सच सुनना ही नहीं था, क्योंकि उसके लिए माँ का कहा पत्थर की लकीर था। सुमन ने चुपचाप एक दर्द न...

हकीकत

  सुमन के हाथों से शादी की मेहंदी भी नहीं उतरी थी कि उसके साथ सुधा जी ने उसे पूरी तरह से काम में झोंक दिया। सुबह से शाम हो जाती, लेकिन सुधा जी के काम तो मानो पूरे ही नहीं होते थे। जैसे ही सुमन आराम करने के लिए अपने कमरे में जाती, वैसे ही सुधा जी कहतीं, "बहू, जरा मेरे सिर में तेल की मालिश कर दो" या "कपड़े प्रेस कर दो"। कोई न कोई बहाना बनाकर पहले से ही तैयार रखतीं। सुमन कुछ भी नहीं बोल पाती और झट से काम पर लग जाती—आखिर नई-नई बहू जो ठहरी! सुमन के पति रोहित दूसरे शहर में नौकरी करते थे। शादी के लिए भी कम ही छुट्टियाँ मिली थीं, इसलिए शादी के आठ दिन बाद ही अपने काम पर लौट गए। तभी एक दिन… "अरे बहू, कब तक सोती रहेगी? कितना समय हो गया है, आज तुम्हारे ससुर जी ऑफिस के लिए भी निकल गए और तूने चाय तक नहीं बनाई। आगे से ध्यान रखना, समझ गई? ठीक चार बजे उठ जाना, क्योंकि तेरे ससुर जी सुबह छह बजे ही निकल जाते हैं। बहुएं तो काम के लिए ही तो लाई जाती हैं, एक लौटी बहू हो, नहीं बताएंगे तो कैसे सीखोगी? बड़े-बूढ़ों की कदर करना सीखो," सुधा जी नसीहत देतीं। "मुझसे गलती हो गई मांजी...