Skip to main content

सात फेरों के सातों वचन

 अद्वैता की इक्यावनवी सालगिरह थी कल।

रात से भोर तक उसका मन अनमना था। उसके कानों में बार बार समन्वय का "सॉरी माफ कर दो" गूँज रहा था। पर उसे ऐसा लगा, मानो धरती फट जाए और वो उसमें समा जाए।

वो उसका बार बार पूछना," कहाँ कमी रह गई मुझसे??", "तुम्हारी उम्मीदों पर मैं खरा नही उतर पाया" और ना जाने क्या क्या कह दिया था नशे में।

खूब जोशोखरोश के साथ, समन्वय ने, शहर के अच्छे होटल में, चुनिंदा लोगों के मध्य, अद्वैता के जन्मदिन का सरप्राइज जलसा रखा था। तीन दिन से शहर से बाहर वह टूर पर था सो प्रबंधन वहीं से चालू था।

अद्वैता ने पहले से ही घर रहने का मन बना रखा था। कार्यालय जाने का कोई कार्यक्रम नही था। पर फिर अचानक एक फ़ोन लगा, तैयार हो, वह चली गई।

नीचे जैसे ही विधान, अद्वैता से रूबरू हुआ, सफेद गुलाबों के गुलदस्ते के बीचोंबीच उसने नीला सा छोटा सा बॉक्स रखते हुए, उसे पकड़ा दिया। बॉक्स में रूबी हीरों से जड़ित अँगूठी थी।

अद्वैता की आँखों में तारों सी चमक थी। आसपास देख, विधान को उसने गले लगा लिया, बोली "आई लव यू।" बस वहीं से कार्यक्रम ने अलग ही मोड़ ले लिया। वे सीधे अद्वैता के घर चल दिए। घर पहुँचते ही प्रेम का सुरूर सर चढ़ बोलने लगा।

इतने में समन्वय, अद्वैता को सरप्राइज करने की ताक में, बिना कोई शोर किए, अपनी चाभी से दरवाज़ा खोल, घर में दाखिल हुआ। आवाज़ें बेडरूम से आ रही थीं सो उस तरफ हो लिया।

वहाँ का नज़ारा कल्पना से परे था। वह उल्टे पाँव वहाँ से भाग गया। किसी मंदिर की सीढ़ियों पर सूटकेस रख, अपना चेहरा घुटनों में टिका सुबकने लगा।

वो नज़ारा उसकी दुनिया दहला गया। इतने सालों का समर्पण, प्रेम, आदर सद्भाव, कुशल और संस्कारी बिटिया शमिता का पालनपोषण, सब तो करने का प्रयास किया। फिर कहाँ चूक हो गई उससे???

अद्वैता का व्यक्तित्व वैसे तो यूँ बहक जाने वाला नही था। इस घटना से पहले तक, समन्वय को ऐसा ही विश्वास था। पर अब उसे लग रहा था, जैसे पिछले दो साल में ये red flags उसने नजरअंदाज किये थे।

अद्वैता को काम से घर आने की हमेशा ज़ल्दी रहती थी। शमिता को दाई के भरोसे छोड़ना उसे बिल्कुल नही रुचता था। शमिता के कॉलेज हॉस्टल में शिफ्ट हो जाने पर भी वह समय से घर लौट आती। शौक से समन्वय के लिए, कभी कुछ बनाती तो कभी कुछ।

पिछले कुछ समय में उसके अंदर अमूलचूल परिवर्तन आ रहा था। अद्वैता का देर से घर आना। जब तब अपने दोस्तों साथ खाना खाने, फ़िल्म देखने, आउटिंग पर जाने का बहाना करना। जो कि उसके व्यवहार के विपरीत दिशा उजागर कर रहा था।

समन्वय को लगा, अद्वैता कोई कमसिन बीस बाइस वर्ष की नवयौवना तो नही जो किसी को भी देख बहक जाए। इसलिए उसने कभी कोई आपत्ति नहीं जताई। ना ही कोई प्रश्न किए।

समन्वय ने खुद पर और अपनी भावनाओं पर काबू किया। ज़हर का घूँट सदैव से स्त्रियाँ ही पीती आईं हैं। इस बार यह घूँट वह स्वयं पियेगा।

यह सोच वह नियत कार्यक्रम को अपने पूरे मनमस्तिष्क से कार्यान्वित करने की मंशा ले आगे बढ़ गया।

होटेल के सारे प्रबंध देख वहीं से अद्वैता को फोन कर तैयार रहने को कहा। अद्वैता, उसका फोन सुन, एकबारगी स्तब्ध रह गई।

खुद संयत हो, विधान को वहाँ से रवाना किया। फिर दोबारा, समन्वय को फोन कर, उसकी बातों और मौन के बीच की कसक को ध्यान से पढ़ने लगी।

***"इश्क़ मुश्क छलावा है, दिखावा है

आज नही तो कल इसमें, पछतावा है।"***

किसी बेहद ज़हीन शायर की ये लाइनें दिमाग में हिलोरे मारने लगीं। खुद को एकत्रित कर अद्वैता तैयार हुई। अपने नैतिकता से परिपूर्ण जीवन को जिस भ्रमजाल में उसने फँसा लिया था उसमें अब साँस लेना भी भयावह लगने लगा।

कबीर रचित ये पंक्तियाँ उसको कैसे कैसे ताने दे रहीं थीं।

**पतिवरता मैली भली काली कुचित कुरूप

पतिवरता के रूप पर वारों कोटि सरूप। पतिवरता पति को भजै और न आन सुहाय सिंह वचा जो लंघना तो भी घास न खाय।**

पार्टी के उपरांत वह अपनी गलतियों की क्षमा समन्वय से माँग, उसके निर्णय को स्वीकार करेगी, ऐसा उसने ठाना था।

सभी तय समय पर उपस्थित हुए। समन्वय का व्यवहार व जन्मदिन का आयोजन मनमोहक था। इसलिए भी अद्वैता की आँखों से पश्चाताप के आँसू झरझर बहने लगे।

मन के लाखों तूफानों का बवंडर थामें, खुद को विशाल समुंदर समझ, समन्वय ने अद्वैता को अपने सीने से लगा, ढाढस बँधाया। खाने पीने और वार्तालाप के बाद दोंनो के लिए गाना चला। 

***जब कोई बात बिगड़ जाए,

जब कोई मुश्किल पड़ जाए,

तुम देना साथ मेरा ओ हमनवां***

इस गाने के भावों में डूबते उबरते समन्वय तो जैसे अपना आपा ही खो बैठा। आमतौर पर वह कभी शराब नही छूता। पर ऐसे मौके पर कुछ ज़्यादा ही हो गई।

जब वह इस गाने की धुन पर अद्वैता के साथ थिरक रहा था तभी उसने अद्वैता से अंटशंट बकना शुरू कर दिया। उसके मन का पपीहा आखिर कब तक चुप बैठता।

सभी को शुभरात्रि कह अद्वैता, समन्वय को थाम, वहाँ से चल दी। घर पहुँच ऐसा भान हुआ जैसे सब बिखरा पड़ा है।

ईश्वर कैसे कैसे कर्मों/ फलों का हिसाब किताब करता है। यही सोच समन्वय को लिटा उसके पैर के पास बैठ गई।

भोर में उसकी आँख लग गई। अद्वैता उठी, नहा धोकर मंदिर में पूजा करने के लिए दीपक जैसे ही प्रज्ज्वलित किया, समन्वय उसके बगल में आकर खड़ा हो गया।

अद्वैता कुछ कहती उससे पहले समन्वय ने कहा,"ये घर तुम्हारा भी है। मुझसे कभी ऐसी गलती हो जाती तो?? जो हुआ, उस पर हम कभी चर्चा नही करेंगे। हर परिस्थिति में अपने सात फेरों के सातों वचन, इस बार मुझे निभाना है।"


Comments

Popular posts from this blog

दामाज बेटा बन जाता है पर बहू पराये घर की रहती है

  "अरे भाईसाहब (ननदोई) इतनी सुबह सुबह ?" "मम्मी पापा ने बुलाया था.कुछ जरूरी काम है." प्रमोद ने रश्मि को रूखा सा उत्तर दिया. "आ गये बेटे. बहू खड़े खड़े क्या बातें कर रही हो जाओ चाय बना लाओ." "जी मम्मी जी" रश्मि चाय बनाते हुए सोच रही थी ऐसी क्या बात हो सकती है जो भाईसाहब को सुबह बुलाया.कल रात उसे सास ससुर के कमरे से खुसुरफुसुर की आवाजें आ रही थी.मन में उठी किसी अनहोनी की आशंका को झटक कर वह चाय ले कर ड्रॉइंग रूम में गई. "बहू नाश्ता जल्दी बना देना.हमें काम से जाना है." "मम्मी जी कहाँ जाना है ?" "आकर बताते है तुम नाश्ते की तैयारी करो." रश्मि ने सास ससुर और प्रमोद को नाश्ता दिया.कुछ देर में तीनो तैयार हो कर चले गये और रश्मि घर के काम निपटाने लगी. ये थी रश्मि. शर्मा परिवार की इकलौती बहू.रश्मि की शादी रूपेश से हुए एक साल हो गया था.रूपेश की एक बड़ी शादीशुदा बहन कंचन और एक छोटी बहन काजल  जो कॉलेज में पढ़ती है.रूपेश दूसरे शहर में नौकरी करता था.उसकी इच्छा थी कि रश्मि  मम्मी पापा की देखभाल के लिए उनके साथ रहे.रश्मि ने भी रूपेश की इच्...

घर के लक्ष्मी का सम्मान

  "रवि... सुनिए ना... मुझे आपसे कुछ ज़रूरी बात करनी थी। वो मेरे पैरों में बहुत सूजन आ रही है और कमर में भी..." सुमन ने रात के सन्नाटे में, करवट बदलते हुए अपने पति रवि से कहने की कोशिश की। उसकी आवाज़ में एक दबी हुई कराह थी। रवि ने झल्लाहट में अपनी आँखों से बांह हटाई और मोबाइल की स्क्रीन पर समय देखा। रात के साढ़े ग्यारह बज रहे थे। "सुमन, प्लीज यार! अभी ऑफिस की टेंशन कम नहीं है जो तुम घर की रामायण शुरू कर देती हो? सुबह से शाम तक घर पर रहती हो, आराम ही तो करती हो। माँ बता रही थीं कि आजकल तुम दोपहर में दो-तीन घंटे सोती हो। फिर भी थकान? और ये पैरों में सूजन वूजन सब वहम है, थोड़ा वॉक किया करो। अब सोने दो, कल मेरी बहुत बड़ी प्रेजेंटेशन है।" रवि ने कंबल मुंह तक खींच लिया और दूसरी तरफ करवट ले ली। सुमन की आँखों में आए आंसू अँधेरे में ही जज़्ब हो गए। वह क्या बताती कि जिसे उसकी सास 'दोपहर की नींद' कहती हैं, वह असल में छत पर पापड़ और अचार सुखाने की चिलचिलाती धूप वाली मेहनत होती है। रवि को सच सुनना ही नहीं था, क्योंकि उसके लिए माँ का कहा पत्थर की लकीर था। सुमन ने चुपचाप एक दर्द न...

हकीकत

  सुमन के हाथों से शादी की मेहंदी भी नहीं उतरी थी कि उसके साथ सुधा जी ने उसे पूरी तरह से काम में झोंक दिया। सुबह से शाम हो जाती, लेकिन सुधा जी के काम तो मानो पूरे ही नहीं होते थे। जैसे ही सुमन आराम करने के लिए अपने कमरे में जाती, वैसे ही सुधा जी कहतीं, "बहू, जरा मेरे सिर में तेल की मालिश कर दो" या "कपड़े प्रेस कर दो"। कोई न कोई बहाना बनाकर पहले से ही तैयार रखतीं। सुमन कुछ भी नहीं बोल पाती और झट से काम पर लग जाती—आखिर नई-नई बहू जो ठहरी! सुमन के पति रोहित दूसरे शहर में नौकरी करते थे। शादी के लिए भी कम ही छुट्टियाँ मिली थीं, इसलिए शादी के आठ दिन बाद ही अपने काम पर लौट गए। तभी एक दिन… "अरे बहू, कब तक सोती रहेगी? कितना समय हो गया है, आज तुम्हारे ससुर जी ऑफिस के लिए भी निकल गए और तूने चाय तक नहीं बनाई। आगे से ध्यान रखना, समझ गई? ठीक चार बजे उठ जाना, क्योंकि तेरे ससुर जी सुबह छह बजे ही निकल जाते हैं। बहुएं तो काम के लिए ही तो लाई जाती हैं, एक लौटी बहू हो, नहीं बताएंगे तो कैसे सीखोगी? बड़े-बूढ़ों की कदर करना सीखो," सुधा जी नसीहत देतीं। "मुझसे गलती हो गई मांजी...