Skip to main content

टिफिन

 "मिसेज दीपिका वर्मा, आप अपने बेटे को टिफ़िन देकर क्यों नहीं भेजतीं? वह रोज अपने पार्टनर से टिफ़िन मांगकर खाता है।"

प्रिंसिपल कहे जा रहे थे और  मिसेज वर्मा का चेहरा गुस्से से लाल हुए जा रहा था। वह रोज सुबह नया से नया डिश बनाकर अमन के लिये टिफ़िन में रखती थी। वह तो बताता था कि उसके दोस्तों को भी उसका टिफ़िन बहुत पसंद हैं। पर यहां तो....

"सर, क्या मैं अमन से बात कर सकती हूँ? मुझे लगता है, कोई उसका टिफ़िन चुरा लेता होगा।" दीपिका बोली।

"मैंने भी यही सोचा था पर उसने कुछ ऐसा बताया कि.....।" कहते हुए प्रिंसिपल सर रुक गए। उन्होंने सिर नीचे कर लिया। फिर भी उनकी आंखों में भर आए आँसू दीपिका से छिप न सके।

"क्या, क्या बताया अमन ने?" कुछ गलत के अंदेशे से दीपिका कांप उठी।

"छोड़िये, आपके ससुर जी कैसे हैं। आपकी सास के गुजरने के बाद तो वह काफी अकेलापन फील करते होंगे।" प्रिंसिपल ने अचानक पूछा।

"वो ठीक हैं। उनकी बात छोड़िये, अमन के बारे में बताइये।" दीपिका अधीरता से बोली।

"सुबह अमन को तैयार करने के चक्कर में आप  तो उनका ख्याल ही नही रख पाती होंगी।"

"नहीं ऐसा नहीं है। अमन को जब वह बस में चढ़ाकर लौटते हैं , तो उन्हें चाय देने से लेकर नाश्ता तक मैं ही कराती हूँ।"

"अमन बता रहा था कि एक बार उन्होंने चाय और नाश्ते के लिए कहा, तो आपने मना कर दिया कि अभी अमन का नाश्ता बनाने का काम है। बाद में बनाकर दे देंगी।" कहते हुए प्रिंसिपल का चेहरा गंभीर हो उठा।

"हां, पर.... इसका अमन से क्या संबंध?" दीपिका की उलझन बढ़ती जा रही थी।

"आपका बेटा अपने भूखे-प्यासे दादाजी को अपना टिफ़िन खिला देता है। दादाजी ने पहले दिन ही खाने से इनकार कर दिया था। तब पोते ने उनके लिये झूठ बोलना सीखा। अगले दिन उसने दादाजी से  बहाना किया कि उसने आपसे दो टिफ़िन रखवाए हैं। एक रास्ते मे खाने के लिये और एक लंच टाइम के लिये। इस तरह वह अपना टिफ़िन दादा जी को खिला देता है।"

"क्या......?" दीपिका का मुंह खुला का खुला रह गया।

"ऐसा क्यों होता है मिसेज वर्मा कि बच्चे दूसरे के मन को हम बड़ों से पहले पढ़ लेते हैं?" कहते हुए प्रिंसिपल की आवाज में कुछ तल्खी आ गयी थी।

"वो...। आई एम सॉरी सर। आइंदा ऐसा नहीं होगा।" शर्म से गड़ते हुए दीपिका ने धीरे से कहा।

"और प्लीज। एक रिक्वेस्ट है आपसे। अमन को कुछ न कहियेगा। उसे नहीं पता चलना चाहिये कि मैंने सब बात आपको बता दी है। नहीं तो उसका भोलापन छिन जायगा।"

"डोंट वरी सर, मेरे बेटे ने जो पाठ मुझे पढ़ाया, वो मैं जिंदगी में नहीं भूलूंगी। अब उसे अपना टिफ़िन दादाजी को खिलाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।" कहते हुए दीपिका उठी और धीरे धीरे कमरे से बाहर निकल गयी।


Comments

Popular posts from this blog

दामाज बेटा बन जाता है पर बहू पराये घर की रहती है

  "अरे भाईसाहब (ननदोई) इतनी सुबह सुबह ?" "मम्मी पापा ने बुलाया था.कुछ जरूरी काम है." प्रमोद ने रश्मि को रूखा सा उत्तर दिया. "आ गये बेटे. बहू खड़े खड़े क्या बातें कर रही हो जाओ चाय बना लाओ." "जी मम्मी जी" रश्मि चाय बनाते हुए सोच रही थी ऐसी क्या बात हो सकती है जो भाईसाहब को सुबह बुलाया.कल रात उसे सास ससुर के कमरे से खुसुरफुसुर की आवाजें आ रही थी.मन में उठी किसी अनहोनी की आशंका को झटक कर वह चाय ले कर ड्रॉइंग रूम में गई. "बहू नाश्ता जल्दी बना देना.हमें काम से जाना है." "मम्मी जी कहाँ जाना है ?" "आकर बताते है तुम नाश्ते की तैयारी करो." रश्मि ने सास ससुर और प्रमोद को नाश्ता दिया.कुछ देर में तीनो तैयार हो कर चले गये और रश्मि घर के काम निपटाने लगी. ये थी रश्मि. शर्मा परिवार की इकलौती बहू.रश्मि की शादी रूपेश से हुए एक साल हो गया था.रूपेश की एक बड़ी शादीशुदा बहन कंचन और एक छोटी बहन काजल  जो कॉलेज में पढ़ती है.रूपेश दूसरे शहर में नौकरी करता था.उसकी इच्छा थी कि रश्मि  मम्मी पापा की देखभाल के लिए उनके साथ रहे.रश्मि ने भी रूपेश की इच्...

घर के लक्ष्मी का सम्मान

  "रवि... सुनिए ना... मुझे आपसे कुछ ज़रूरी बात करनी थी। वो मेरे पैरों में बहुत सूजन आ रही है और कमर में भी..." सुमन ने रात के सन्नाटे में, करवट बदलते हुए अपने पति रवि से कहने की कोशिश की। उसकी आवाज़ में एक दबी हुई कराह थी। रवि ने झल्लाहट में अपनी आँखों से बांह हटाई और मोबाइल की स्क्रीन पर समय देखा। रात के साढ़े ग्यारह बज रहे थे। "सुमन, प्लीज यार! अभी ऑफिस की टेंशन कम नहीं है जो तुम घर की रामायण शुरू कर देती हो? सुबह से शाम तक घर पर रहती हो, आराम ही तो करती हो। माँ बता रही थीं कि आजकल तुम दोपहर में दो-तीन घंटे सोती हो। फिर भी थकान? और ये पैरों में सूजन वूजन सब वहम है, थोड़ा वॉक किया करो। अब सोने दो, कल मेरी बहुत बड़ी प्रेजेंटेशन है।" रवि ने कंबल मुंह तक खींच लिया और दूसरी तरफ करवट ले ली। सुमन की आँखों में आए आंसू अँधेरे में ही जज़्ब हो गए। वह क्या बताती कि जिसे उसकी सास 'दोपहर की नींद' कहती हैं, वह असल में छत पर पापड़ और अचार सुखाने की चिलचिलाती धूप वाली मेहनत होती है। रवि को सच सुनना ही नहीं था, क्योंकि उसके लिए माँ का कहा पत्थर की लकीर था। सुमन ने चुपचाप एक दर्द न...

हकीकत

  सुमन के हाथों से शादी की मेहंदी भी नहीं उतरी थी कि उसके साथ सुधा जी ने उसे पूरी तरह से काम में झोंक दिया। सुबह से शाम हो जाती, लेकिन सुधा जी के काम तो मानो पूरे ही नहीं होते थे। जैसे ही सुमन आराम करने के लिए अपने कमरे में जाती, वैसे ही सुधा जी कहतीं, "बहू, जरा मेरे सिर में तेल की मालिश कर दो" या "कपड़े प्रेस कर दो"। कोई न कोई बहाना बनाकर पहले से ही तैयार रखतीं। सुमन कुछ भी नहीं बोल पाती और झट से काम पर लग जाती—आखिर नई-नई बहू जो ठहरी! सुमन के पति रोहित दूसरे शहर में नौकरी करते थे। शादी के लिए भी कम ही छुट्टियाँ मिली थीं, इसलिए शादी के आठ दिन बाद ही अपने काम पर लौट गए। तभी एक दिन… "अरे बहू, कब तक सोती रहेगी? कितना समय हो गया है, आज तुम्हारे ससुर जी ऑफिस के लिए भी निकल गए और तूने चाय तक नहीं बनाई। आगे से ध्यान रखना, समझ गई? ठीक चार बजे उठ जाना, क्योंकि तेरे ससुर जी सुबह छह बजे ही निकल जाते हैं। बहुएं तो काम के लिए ही तो लाई जाती हैं, एक लौटी बहू हो, नहीं बताएंगे तो कैसे सीखोगी? बड़े-बूढ़ों की कदर करना सीखो," सुधा जी नसीहत देतीं। "मुझसे गलती हो गई मांजी...