Skip to main content

ये दीवाली दिलवाली,लक्ष्मी का आगमन

   रधिया खेत से एक पोटली, दोनों हाथों में संभाले... लरजती सी... घर की ओर बढ़ चली। जाने कौन सा खजाना उसे मिल गया था...कि प्रसन्नता के अतिरेक में कभी उसकी आंखें छलक पड़ती,... अंग अंग, बार बारसिहर उठता  था। उसने अपनी साड़ी थोड़ी ऊंची कर ली ताकि जल्दबाजी में चलते हुए कहीं पैरों में ना फंसे।

    खेत से आधे किलोमीटर दूरी का घर भी उसे दसियों किलोमीटर लंबा लग रहा था। कभी वह मेढ़ पर चढ़ती.... कभी पगडंडी पर उतर जाती.... ऐसा करने से मानो घर जल्दी आ आएगा।  बीच-बीच में पोटली में झांक कर भी देख लेती कि सब ठीक से है फिर आंचल में छुपा लेती।

  चलते चलते रधियाअपने आप से बतियाती भी जा रही थी.... अम्मा (सास) ना राजी हुई तो????? हुंह..... राजी कैसे न होंगी..... ब्याह के तरह बरस  होने को आए... वह जो कहती हैं.. वही तो करती आ रही हूं कभी कुछ मांगा जांचा भी नहीं उनसे.... तो क्या वह मेरी इतनी सी भी बात नहीं मानेगी? आज तो मनई (पति) भी शहर से आ जाएगा रात तक। वह तो खैर हर बात मान लेता है... और मानेगा भी क्यों नहीं आखिर.... उसकी अम्मा का, घर का, खेत खलिहान का, गाय गोरु का ध्यान जो रखती हूं.... तभी तो मन लगाकर सहर की फैक्ट्री में काम कर पाता है जिससे अच्छी पगार मिल जाती है।

  ऐसे ही लरजती- बतियाती.. रधिया घर पहुंच गई। भड़ाक से दरवाजा खोला और जोर से आवाज देने लगी, अम्मा....ओ  अम्मा.... कहां हो?          बड़े से आंगन में अम्मा कहीं ना दिखी। सामने दलान के कोने में.... एक टुकड़ा धूप फैली थी...  उसी टुकड़े में बैठी रामलली(सास) चावल साफ कर रही थी।

    "अरे, तू तो खेत से मिट्टी लाने गई थी ना... घर लीपने के वास्ते... तो इतनी जल्दी कैसे आ गई"?

  रधिया मानो उनकी बात सुन ही नहीं रही थी।   पूरे आंगन में... पोटली को झुलाती हुई सी.... चारों तरफ गोल गोल चक्कर काटती हुई... अम्मा अम्मा की ही रट लगाई हुई थी।

       "अम्मा आज धनतेरस के दिन लक्ष्मी मिल गई"... वह वैसे ही झूमती हुई बोली।

   रामलली चिहुंक पड़ी। उसने  हाथ में पकड़ा सूप नीचे रख दिया।

  "अरे मिट्टी में दबा हुआ कोई खजाना मिल गया क्या????? ओ नासमझ!!!!! थोड़ा धीरे बोल, नहीं तो रामा, बुधिया सभी आ जाएंगी और खजाने की पोल पूरे गांव में खोल कर रख देंगी... तो सभी बांटने आ जाएंगे"।

    "मेरी प्यारी अम्मा.... यह खजाना कोई भी नहीं बांट पावेगा... और देखोगी नहीं क्या"?????

  रामलली तो खुद ही लालायित हुई जा रही थी.. उस खजाने को देखने के लिए। रधिया  ने उसके पास पहुंच कर आँचल हटाया... और धीरे से पोटली का कपड़ा जरा सा हटाया..... रामलली सन्न खड़ी रह गई.... उसे लगा मानो नीचे से किसी ने जमीन खींच ली।

   पोटली में चांद सा चमकता चेहरे और काले काले घुंघराले बालों वाला,मात्र दो दिन का बच्चा... अंगूठा मुंह में डालें ऐसा सुकून की नींद सो रहा था मानो बिल्कुल निश्चिंत हो कि अब वह सुरक्षित है।

  "अरे अभागी.... इसे कहां से उठा लायी? किसका है"????

    " पता नहीं किसका है अम्मा....कोई अपने माथे का कलंक मेरी आँखों की रोशनी बनाकर छोड़ गया"।

   रधिया बताने लगी," हम तो मिट्टी खोद रहे थे.... तभी बगल वाले दीनू काका के बाग में एक गाड़ी आकर रुकी। उसमें से दो औरतें और एक आदमी उतरे और पेड़ के पास इस पोटली को रखा। उन लोगों ने सर ऊपर उठाकर देखा तो पेड़ के ऊपर  दो तीन गिद्ध  बैठे हुए थे। गिध्दों को देखकर वह कुछ बतियाते रहे फिर गाड़ी में बैठ कर फुर्र हो गए। हम पहले ध्यान नहीं दिए.... फिर सोचा कि देखें आखिर गाड़ी से आकर यह गिद्धों के लिए कौन सा भोजन रख गए हैं। जाकर देखा अम्मा तो हमारी रूह कांप गई" कहते कहते रधिया का गला रूंध गया।

  "अम्मा ऐसी सुकोमल  देह को वे गिध्दों के हवाले कर गए... निर्दई.. निर्मम... हत्यारे" और वह सिसक पड़ी।

  "यह किसी के पाप की निशानी होगी... तभी छोड़ गए और सोचा होगा कि यह उन गिध्दों का निवाला बन जाएगी। लेकिन रधिया... गिध्दों से तो  तू इस को बचा लाई..... लेकिन समाज में जो इंसान रूपी गिद्ध फैले हुए हैं... इसके बड़े होने पर उनसे कैसे बचा पाएगी"????? रामलली के स्वर में चिंता का पुट था।

    "अम्मा!!!!! शादी के तेरह बरस हुए...मेरी गोद सूनी रही.. आज धनतेरस के दिन लक्ष्मी मां ने मेरी गोद भर दी।  इसको मैं खूंटे से बंधी गाय नहीं... जंगल में दहाड़ने वाली शेरनी बनाऊंगी.. शेरनी। फिर कोई गिद्ध इसकी तरफ आंख उठाने की का साहस भी नहीं कर सकेगा"।

  "हां रधिया, तू ठीक कहती है। आज तू मां बन गई और मैं दादी" कहती  हुई रामलली दरवाजे की तरफ बढ़ी।

     रधिया बोली, "अम्मा.. तुम कहां जा रही हो"???

  "रामा' बुधिया, कमली को बताने कि तू जापे में है.. और अब त्यौहार पर आकर वह सब मेरा हाथ बटाएं.. और खबरदार!! जो अब कुछ दिन तक तू घर से बाहर निकली.... ममता से  डांटती हुई रामलली बाहर निकल गई..... सब को बुलाने..... घर आई लक्ष्मी के दर्शन कराने।

इस बार की दिवाली आखिर उसके सूने घर को रोशन जो कर रही थी।

साखियों....ये कहानी आपको कैसी लगी..अवश्य बताईयेगा।

Sunita Tiwari— with Sunita Tiwari.


Comments

Popular posts from this blog

दामाज बेटा बन जाता है पर बहू पराये घर की रहती है

  "अरे भाईसाहब (ननदोई) इतनी सुबह सुबह ?" "मम्मी पापा ने बुलाया था.कुछ जरूरी काम है." प्रमोद ने रश्मि को रूखा सा उत्तर दिया. "आ गये बेटे. बहू खड़े खड़े क्या बातें कर रही हो जाओ चाय बना लाओ." "जी मम्मी जी" रश्मि चाय बनाते हुए सोच रही थी ऐसी क्या बात हो सकती है जो भाईसाहब को सुबह बुलाया.कल रात उसे सास ससुर के कमरे से खुसुरफुसुर की आवाजें आ रही थी.मन में उठी किसी अनहोनी की आशंका को झटक कर वह चाय ले कर ड्रॉइंग रूम में गई. "बहू नाश्ता जल्दी बना देना.हमें काम से जाना है." "मम्मी जी कहाँ जाना है ?" "आकर बताते है तुम नाश्ते की तैयारी करो." रश्मि ने सास ससुर और प्रमोद को नाश्ता दिया.कुछ देर में तीनो तैयार हो कर चले गये और रश्मि घर के काम निपटाने लगी. ये थी रश्मि. शर्मा परिवार की इकलौती बहू.रश्मि की शादी रूपेश से हुए एक साल हो गया था.रूपेश की एक बड़ी शादीशुदा बहन कंचन और एक छोटी बहन काजल  जो कॉलेज में पढ़ती है.रूपेश दूसरे शहर में नौकरी करता था.उसकी इच्छा थी कि रश्मि  मम्मी पापा की देखभाल के लिए उनके साथ रहे.रश्मि ने भी रूपेश की इच्...

घर के लक्ष्मी का सम्मान

  "रवि... सुनिए ना... मुझे आपसे कुछ ज़रूरी बात करनी थी। वो मेरे पैरों में बहुत सूजन आ रही है और कमर में भी..." सुमन ने रात के सन्नाटे में, करवट बदलते हुए अपने पति रवि से कहने की कोशिश की। उसकी आवाज़ में एक दबी हुई कराह थी। रवि ने झल्लाहट में अपनी आँखों से बांह हटाई और मोबाइल की स्क्रीन पर समय देखा। रात के साढ़े ग्यारह बज रहे थे। "सुमन, प्लीज यार! अभी ऑफिस की टेंशन कम नहीं है जो तुम घर की रामायण शुरू कर देती हो? सुबह से शाम तक घर पर रहती हो, आराम ही तो करती हो। माँ बता रही थीं कि आजकल तुम दोपहर में दो-तीन घंटे सोती हो। फिर भी थकान? और ये पैरों में सूजन वूजन सब वहम है, थोड़ा वॉक किया करो। अब सोने दो, कल मेरी बहुत बड़ी प्रेजेंटेशन है।" रवि ने कंबल मुंह तक खींच लिया और दूसरी तरफ करवट ले ली। सुमन की आँखों में आए आंसू अँधेरे में ही जज़्ब हो गए। वह क्या बताती कि जिसे उसकी सास 'दोपहर की नींद' कहती हैं, वह असल में छत पर पापड़ और अचार सुखाने की चिलचिलाती धूप वाली मेहनत होती है। रवि को सच सुनना ही नहीं था, क्योंकि उसके लिए माँ का कहा पत्थर की लकीर था। सुमन ने चुपचाप एक दर्द न...

हकीकत

  सुमन के हाथों से शादी की मेहंदी भी नहीं उतरी थी कि उसके साथ सुधा जी ने उसे पूरी तरह से काम में झोंक दिया। सुबह से शाम हो जाती, लेकिन सुधा जी के काम तो मानो पूरे ही नहीं होते थे। जैसे ही सुमन आराम करने के लिए अपने कमरे में जाती, वैसे ही सुधा जी कहतीं, "बहू, जरा मेरे सिर में तेल की मालिश कर दो" या "कपड़े प्रेस कर दो"। कोई न कोई बहाना बनाकर पहले से ही तैयार रखतीं। सुमन कुछ भी नहीं बोल पाती और झट से काम पर लग जाती—आखिर नई-नई बहू जो ठहरी! सुमन के पति रोहित दूसरे शहर में नौकरी करते थे। शादी के लिए भी कम ही छुट्टियाँ मिली थीं, इसलिए शादी के आठ दिन बाद ही अपने काम पर लौट गए। तभी एक दिन… "अरे बहू, कब तक सोती रहेगी? कितना समय हो गया है, आज तुम्हारे ससुर जी ऑफिस के लिए भी निकल गए और तूने चाय तक नहीं बनाई। आगे से ध्यान रखना, समझ गई? ठीक चार बजे उठ जाना, क्योंकि तेरे ससुर जी सुबह छह बजे ही निकल जाते हैं। बहुएं तो काम के लिए ही तो लाई जाती हैं, एक लौटी बहू हो, नहीं बताएंगे तो कैसे सीखोगी? बड़े-बूढ़ों की कदर करना सीखो," सुधा जी नसीहत देतीं। "मुझसे गलती हो गई मांजी...