Skip to main content

सहनशक्ति

 बेटे की शादी हुई और जैसे ही नई नवेली दुल्हन का आगमन हुआ, मां खुशी से नाचने लगी। मां को ऐसा लगा जैसे उसके सारे अरमान पल भर में पूरे हो गए हों।

शुरुआत में तो मां ने बहू को बड़े ही लाड़-प्यार से रखा, लेकिन जैसे-जैसे दिन बीतते गए, सास का स्वभाव चिड़चिड़ा होता गया। वह बात-बात में बहू को रोकने-टोकने लगी।
बहू भी स्वाभिमानी और सुलझी हुई परिवार की बेटी थी, वह भी कहां तक सहन करती! वह विश्वास को मन ही मन कोसने लगी।
कभी खाने को लेकर, कभी नहाने को लेकर, कभी बर्तन और झाड़ू लगाने को लेकर सास-बहू में रोज़ तू-तू मैं-मैं होने लगी।
सास को तो जैसे बहू की कमियां निकालने की आदत हो गई थी। वह रोज़ बहू के किस्से चिल्ला-चिल्लाकर पड़ोसियों के सामने सुनाती थी।
बहू भी आंखें बंद करके कब तक सुनती? वह भी पानी सिर से ऊपर निकलने पर सासू मां को जली-कटी सुना देती थी।
कभी-कभी तो बात एक-दूसरे के खानदान को भला-बुरा कहने तक पहुंच जाती, तो कभी एक-दूसरे पर बर्तन फेंकने की नौबत भी आ जाती थी।
बात यहां तक पहुंच गई कि बहू सास की एक भी नहीं सुनती थी।
आखिर एक दिन सासू मां ने अपने बेटे से कहकर बहू की पिटाई करवा दी।
मजबूरी में बेचारी बहू पिट गई।
बहू इस कष्टमय जीवन से तंग आ चुकी थी, मगर वह अपने पिता के घर भी नहीं जाना चाहती थी।
आखिरकार एक दिन वह आत्महत्या करने के लिए चल पड़ी।
पानी लाने के बहाने वह मटका लेकर घर से निकली। नदी किनारे पहुंचकर उसने मटका एक जगह रखा और तेज जल प्रवाह की ओर बढ़ने लगी।
वह जल की तेज धाराओं में गिरकर अपना जीवन नष्ट करने ही वाली थी कि अचानक किसी ने उसे पकड़ लिया।
जब उसने पीछे मुड़कर देखा तो वह स्तब्ध रह गई। वह रक्षक एक बड़ा-सा साधु बाबा था।
साधु कुछ पूछता उससे पहले ही वह फूट-फूट कर रोने लगी।
साधु ने कहा, "बेटी, क्या बात है? क्यों अपने अमूल्य जीवन को नष्ट करने जा रही थी?"
उस स्त्री ने कहा, "बाबा, मेरी सास बहुत बुरी है। वह रोज़ पड़ोसियों से मेरी बुराइयां करती हैं, रोज़ खुद लड़ाई करती हैं और शाम को जब मेरे पति आते हैं तो उनके सामने शरीफ बनकर मेरी शिकायत करती हैं। फिर मेरे पति अपनी मां का पक्ष लेकर मुझे मारते-पीटते हैं। मैं तंग आ गई हूं इस जीवन से, इसलिए अब और अधिक जीना नहीं चाहती। बाबा, मुझे मर जाने दीजिए।"
साधु ने अपनी झोली में से एक कपड़ा निकाला, कुछ मंत्र पढ़े और फूंक मारकर उसे दे दिया और कहा, "बेटी, यह अभिमंत्रित धागा है। जब भी सास बोले या कुछ कहे, धागा अपने हाथों से दबाकर रखना और सास जो आदेश दे, उसकी बात मान लेना। कुछ ही दिनों में तुम्हारी सास और मोहल्ले वाले तुम्हारी प्रशंसा करेंगे।"
बहू ने सोचा कि बाबा ने आशीर्वाद दिया है तो ऐसा ही होगा।
उसने धागा हाथ में बांध लिया और मटका पानी से भर कर घर लौट गई।

घर पहुंची तो देर से आने के कारण सास ने फिर से अपना राग अलापना शुरू कर दिया।
बहू ने मटका नीचे रखा और धागा दांतों से दबा कर अपना काम करने लगी।
उसकी ओर से कोई प्रतिकार नहीं आया तो सास भी चुप हो गई।
अब केवल सास चिल्लाती थी, बहू साधु के अनुसार धागा दांतों में दबा कर अपना काम करती रहती थी।
अब सास ज़्यादा बोल नहीं पाती थी, क्योंकि साधु बाबा का दिया धागा उसके लिए मानो पानी की तरह काम कर रहा था।
जब सास पड़ोसियों के सामने बहू को बेवजह भला-बुरा कहती, तो पड़ोसी सास को ही दोषी मानते और कहते,
"अरे अम्मा, इतनी भी क्या जल्दी है? अपनी भोली-भाली बहू से! बुढ़ापे में यही तुम्हारी सेवा करेगी।"
लोगों की बातों का गुड़िया (बहू) पर असर हुआ था।

तभी एक दिन गुड़िया आंगन में फिसल कर गिर गई और उसके पैर में मोच आ गई।
बेचारी बहू ने जब तक वह ठीक नहीं हुई, सास की खूब सेवा की।
अब बुढ़िया सास को अपनी गलती का एहसास हो गया।
अब वह पड़ोसियों से अपनी बहू की तारीफ करने लगी।
एक दिन वही साधु गांव में आया और इच्छा से वह स्त्री के द्वार पर भी पहुंचा, जिसे उसने धागा दिया था।
स्त्री ने देखते ही साधु को पहचान लिया और उन्हें बहुत-बहुत धन्यवाद देते हुए प्रणाम करने लगी।
वह बोली, "बाबा, आपने चमत्कार कर दिया! मेरी सास अब पूरी तरह से मेरे अनुकूल हैं।"

साधु ने हंसते हुए कहा,
"बेटी, इसमें मेरा कोई चमत्कार नहीं, सब तेरी सहनशीलता का परिणाम है। मैंने तो केवल तुझे सहनशीलता बढ़ाने का सूत्र दिया था। उस धागे को दांतों में दबाने से तुम कुछ बोल नहीं सकती थी और तुम्हारे नहीं बोलने से सास कब तक बोलती? जब दो लोग लड़ते हैं, तो गलती दोनों की होती है। तूने अपनी गलती सुधार ली, उसे भी अपनी गलती सुधारनी ही थी।"

लेखक : अज्ञात 


Comments

Popular posts from this blog

दामाज बेटा बन जाता है पर बहू पराये घर की रहती है

  "अरे भाईसाहब (ननदोई) इतनी सुबह सुबह ?" "मम्मी पापा ने बुलाया था.कुछ जरूरी काम है." प्रमोद ने रश्मि को रूखा सा उत्तर दिया. "आ गये बेटे. बहू खड़े खड़े क्या बातें कर रही हो जाओ चाय बना लाओ." "जी मम्मी जी" रश्मि चाय बनाते हुए सोच रही थी ऐसी क्या बात हो सकती है जो भाईसाहब को सुबह बुलाया.कल रात उसे सास ससुर के कमरे से खुसुरफुसुर की आवाजें आ रही थी.मन में उठी किसी अनहोनी की आशंका को झटक कर वह चाय ले कर ड्रॉइंग रूम में गई. "बहू नाश्ता जल्दी बना देना.हमें काम से जाना है." "मम्मी जी कहाँ जाना है ?" "आकर बताते है तुम नाश्ते की तैयारी करो." रश्मि ने सास ससुर और प्रमोद को नाश्ता दिया.कुछ देर में तीनो तैयार हो कर चले गये और रश्मि घर के काम निपटाने लगी. ये थी रश्मि. शर्मा परिवार की इकलौती बहू.रश्मि की शादी रूपेश से हुए एक साल हो गया था.रूपेश की एक बड़ी शादीशुदा बहन कंचन और एक छोटी बहन काजल  जो कॉलेज में पढ़ती है.रूपेश दूसरे शहर में नौकरी करता था.उसकी इच्छा थी कि रश्मि  मम्मी पापा की देखभाल के लिए उनके साथ रहे.रश्मि ने भी रूपेश की इच्...

घर के लक्ष्मी का सम्मान

  "रवि... सुनिए ना... मुझे आपसे कुछ ज़रूरी बात करनी थी। वो मेरे पैरों में बहुत सूजन आ रही है और कमर में भी..." सुमन ने रात के सन्नाटे में, करवट बदलते हुए अपने पति रवि से कहने की कोशिश की। उसकी आवाज़ में एक दबी हुई कराह थी। रवि ने झल्लाहट में अपनी आँखों से बांह हटाई और मोबाइल की स्क्रीन पर समय देखा। रात के साढ़े ग्यारह बज रहे थे। "सुमन, प्लीज यार! अभी ऑफिस की टेंशन कम नहीं है जो तुम घर की रामायण शुरू कर देती हो? सुबह से शाम तक घर पर रहती हो, आराम ही तो करती हो। माँ बता रही थीं कि आजकल तुम दोपहर में दो-तीन घंटे सोती हो। फिर भी थकान? और ये पैरों में सूजन वूजन सब वहम है, थोड़ा वॉक किया करो। अब सोने दो, कल मेरी बहुत बड़ी प्रेजेंटेशन है।" रवि ने कंबल मुंह तक खींच लिया और दूसरी तरफ करवट ले ली। सुमन की आँखों में आए आंसू अँधेरे में ही जज़्ब हो गए। वह क्या बताती कि जिसे उसकी सास 'दोपहर की नींद' कहती हैं, वह असल में छत पर पापड़ और अचार सुखाने की चिलचिलाती धूप वाली मेहनत होती है। रवि को सच सुनना ही नहीं था, क्योंकि उसके लिए माँ का कहा पत्थर की लकीर था। सुमन ने चुपचाप एक दर्द न...

हकीकत

  सुमन के हाथों से शादी की मेहंदी भी नहीं उतरी थी कि उसके साथ सुधा जी ने उसे पूरी तरह से काम में झोंक दिया। सुबह से शाम हो जाती, लेकिन सुधा जी के काम तो मानो पूरे ही नहीं होते थे। जैसे ही सुमन आराम करने के लिए अपने कमरे में जाती, वैसे ही सुधा जी कहतीं, "बहू, जरा मेरे सिर में तेल की मालिश कर दो" या "कपड़े प्रेस कर दो"। कोई न कोई बहाना बनाकर पहले से ही तैयार रखतीं। सुमन कुछ भी नहीं बोल पाती और झट से काम पर लग जाती—आखिर नई-नई बहू जो ठहरी! सुमन के पति रोहित दूसरे शहर में नौकरी करते थे। शादी के लिए भी कम ही छुट्टियाँ मिली थीं, इसलिए शादी के आठ दिन बाद ही अपने काम पर लौट गए। तभी एक दिन… "अरे बहू, कब तक सोती रहेगी? कितना समय हो गया है, आज तुम्हारे ससुर जी ऑफिस के लिए भी निकल गए और तूने चाय तक नहीं बनाई। आगे से ध्यान रखना, समझ गई? ठीक चार बजे उठ जाना, क्योंकि तेरे ससुर जी सुबह छह बजे ही निकल जाते हैं। बहुएं तो काम के लिए ही तो लाई जाती हैं, एक लौटी बहू हो, नहीं बताएंगे तो कैसे सीखोगी? बड़े-बूढ़ों की कदर करना सीखो," सुधा जी नसीहत देतीं। "मुझसे गलती हो गई मांजी...