Skip to main content

सालगिरह

 जल्दी-जल्दी अपना काम निपटाकर जॉन ऑफिस से बाहर निकला। आज उसकी एनीवर्सरी थी। उसका टीना से वादा था कि आज का दिन वह सदा उसके साथ बिताएगा। पर सुबह सुबह बॉस का फ़ोन आ गया था, कुछ ज़रूरी फाइल्स निपटानी थी कल के प्रेजेंटेशन के लिए।

फूलवाले से उसने लाल गुलाब खरीदे, टीना के पसन्दीदा फूल थे ये। उसने गाड़ी फुल स्पीड से बढ़ा दी। तभी उसकी नज़र टीना के सेल्फी पर पड़ी।

उसके नीचे लिखा था,

"मुझे पता है तुम मुझसे बहुत प्यार करते हो, तुम्हें जल्दी से मेरे पास पहुँचना है,  पर तुम कभी तेज़ गाड़ी नहीं चलाओगे।

तुम्हारी टीना!"

पैर खुद-ब-खुद ब्रेक पर चले गए!

तीन वर्ष पुरानी बात थी। उनकी तीसरी एनीवर्सरी थी। सनसेट के बाद उनका मूवी देखने का प्लान था। टीना के फ़ेवरिट हीरो की फ़िल्म थी। जॉन भूल न जाए, इसलिए टीना ने उसे ढेरों मैसेज कर दिए थे। उस दिन बॉस ने छुट्टी भी नहीं दी और देर तक काम भी कराता रहा। लौटते वक्त, घर पहुँचने की जल्दी में जॉन ने  खूब स्पीड से गाड़ी चलाई। जब  टीना के पास पहुँचा तो सिर व हाथों पर पट्टियाँ बंधी हुई थीं!

उसे देख दौड़ी चली आई थी टीना! बेतहाशा रोते हुए उसे सीने से भींच लिया था।

"मुझे लगा, मैंने तुम्हें खो दिया है! अब आगे से ऐसा कुछ मत करना।"

उसने जॉन को बहुत समझाया, उससे वादा भी लिया कि वह तेज गाड़ी नहीं चलाएगा।

"मुझे बिल्कुल भरोसा नहीं तुम पर। कार में बैठ तुम मदहोश हो जाते हो!" उसकी पट्टियों वाली शक्ल के साथ उसने सेल्फी खींची और प्रिंट लेकर स्टीयरिंग व्हील के सामने लगा दी थी।

बहुत प्यार करती थी टीना उससे!

अपनी एनीवर्सरी वे बीच पर मनाते थे... आती हुई लहरों के बीच, हाथों में हाथ थामे डूबते हुए सूरज को देखते रहते। फिर कोई मूवी देखते। और अंत में एक अच्छी सी जगह डिनर! पर विगत दो वर्षों से...

"आ गया मैं, डिअर! नाराज़ मत हो। मि. शर्मा ने बुला लिया था। तुम्हें पता है, उन्हें अब मुझ पर नाज़ है। मैं उनका पसंदीदा एम्प्लॉई हूँ। अरे, हँसो मत! वो अब सचमुच मुझ पर सबसे ज़्यादा भरोसा करते हैं।"

..........

"हाँ, मैं अपनी पूरी देखभाल कर रहा हूँ, बिल्कुल वैसे ही, जैसे तुमने कहा था!"

...........

"पर अब मन करता है तुम्हारे पास आ जाऊँ, जल्दी से..."

अपने अविरल बहते आँसुओं की तरफ से बेपरवाह, जॉन ने गुलाब के लाल फूल टीना को दे दिए। वह कितना खुश हो जाती थी इन फूलों को पाकर। पर आज……

"हमारे सालगिरह की बहुत बहुत बधाई

, प्रिय टीना!"

फूल उसने टीना के कब्र पर रख दिए थे। हाँ, अब टीना यहीं थी। सबको सेफ ड्राइविंग का सलाह देने वाली टीना को सड़क दुर्घटना में एक शराबी, मदहोश ड्राइवर ने टक्कर मार दी थी।


Comments

Popular posts from this blog

दामाज बेटा बन जाता है पर बहू पराये घर की रहती है

  "अरे भाईसाहब (ननदोई) इतनी सुबह सुबह ?" "मम्मी पापा ने बुलाया था.कुछ जरूरी काम है." प्रमोद ने रश्मि को रूखा सा उत्तर दिया. "आ गये बेटे. बहू खड़े खड़े क्या बातें कर रही हो जाओ चाय बना लाओ." "जी मम्मी जी" रश्मि चाय बनाते हुए सोच रही थी ऐसी क्या बात हो सकती है जो भाईसाहब को सुबह बुलाया.कल रात उसे सास ससुर के कमरे से खुसुरफुसुर की आवाजें आ रही थी.मन में उठी किसी अनहोनी की आशंका को झटक कर वह चाय ले कर ड्रॉइंग रूम में गई. "बहू नाश्ता जल्दी बना देना.हमें काम से जाना है." "मम्मी जी कहाँ जाना है ?" "आकर बताते है तुम नाश्ते की तैयारी करो." रश्मि ने सास ससुर और प्रमोद को नाश्ता दिया.कुछ देर में तीनो तैयार हो कर चले गये और रश्मि घर के काम निपटाने लगी. ये थी रश्मि. शर्मा परिवार की इकलौती बहू.रश्मि की शादी रूपेश से हुए एक साल हो गया था.रूपेश की एक बड़ी शादीशुदा बहन कंचन और एक छोटी बहन काजल  जो कॉलेज में पढ़ती है.रूपेश दूसरे शहर में नौकरी करता था.उसकी इच्छा थी कि रश्मि  मम्मी पापा की देखभाल के लिए उनके साथ रहे.रश्मि ने भी रूपेश की इच्...

घर के लक्ष्मी का सम्मान

  "रवि... सुनिए ना... मुझे आपसे कुछ ज़रूरी बात करनी थी। वो मेरे पैरों में बहुत सूजन आ रही है और कमर में भी..." सुमन ने रात के सन्नाटे में, करवट बदलते हुए अपने पति रवि से कहने की कोशिश की। उसकी आवाज़ में एक दबी हुई कराह थी। रवि ने झल्लाहट में अपनी आँखों से बांह हटाई और मोबाइल की स्क्रीन पर समय देखा। रात के साढ़े ग्यारह बज रहे थे। "सुमन, प्लीज यार! अभी ऑफिस की टेंशन कम नहीं है जो तुम घर की रामायण शुरू कर देती हो? सुबह से शाम तक घर पर रहती हो, आराम ही तो करती हो। माँ बता रही थीं कि आजकल तुम दोपहर में दो-तीन घंटे सोती हो। फिर भी थकान? और ये पैरों में सूजन वूजन सब वहम है, थोड़ा वॉक किया करो। अब सोने दो, कल मेरी बहुत बड़ी प्रेजेंटेशन है।" रवि ने कंबल मुंह तक खींच लिया और दूसरी तरफ करवट ले ली। सुमन की आँखों में आए आंसू अँधेरे में ही जज़्ब हो गए। वह क्या बताती कि जिसे उसकी सास 'दोपहर की नींद' कहती हैं, वह असल में छत पर पापड़ और अचार सुखाने की चिलचिलाती धूप वाली मेहनत होती है। रवि को सच सुनना ही नहीं था, क्योंकि उसके लिए माँ का कहा पत्थर की लकीर था। सुमन ने चुपचाप एक दर्द न...

हकीकत

  सुमन के हाथों से शादी की मेहंदी भी नहीं उतरी थी कि उसके साथ सुधा जी ने उसे पूरी तरह से काम में झोंक दिया। सुबह से शाम हो जाती, लेकिन सुधा जी के काम तो मानो पूरे ही नहीं होते थे। जैसे ही सुमन आराम करने के लिए अपने कमरे में जाती, वैसे ही सुधा जी कहतीं, "बहू, जरा मेरे सिर में तेल की मालिश कर दो" या "कपड़े प्रेस कर दो"। कोई न कोई बहाना बनाकर पहले से ही तैयार रखतीं। सुमन कुछ भी नहीं बोल पाती और झट से काम पर लग जाती—आखिर नई-नई बहू जो ठहरी! सुमन के पति रोहित दूसरे शहर में नौकरी करते थे। शादी के लिए भी कम ही छुट्टियाँ मिली थीं, इसलिए शादी के आठ दिन बाद ही अपने काम पर लौट गए। तभी एक दिन… "अरे बहू, कब तक सोती रहेगी? कितना समय हो गया है, आज तुम्हारे ससुर जी ऑफिस के लिए भी निकल गए और तूने चाय तक नहीं बनाई। आगे से ध्यान रखना, समझ गई? ठीक चार बजे उठ जाना, क्योंकि तेरे ससुर जी सुबह छह बजे ही निकल जाते हैं। बहुएं तो काम के लिए ही तो लाई जाती हैं, एक लौटी बहू हो, नहीं बताएंगे तो कैसे सीखोगी? बड़े-बूढ़ों की कदर करना सीखो," सुधा जी नसीहत देतीं। "मुझसे गलती हो गई मांजी...