Skip to main content

सच्चा तीरथ

     शिवानी इस बार बहुत दिनों बाद अपने मायके आई । सब से मिलने के बाद वह जीजी को ढूंढने लगी क्योंकि पहले जब भी वह आती थी जीजी उसके स्वागत में पहले  ही दरवाजे में दिखाई देती थी। दादी ने  शिवानी को बताया कि जीजी  अपने ससुराल गई है। शिवानी को बहुत आश्चर्य हुआ क्योंकि  जब से उसने होश संभाला था जीजी को कभी भी ससुराल का नाम लेते नहीं सुना था। वह तो हमेशा से यहीं  रहती थी। दादी ने बताया कि दुलारी जीजी का बाल विवाह हुआ था । संतान न होने के कारण उनके पति ने उन्हें छोड़ दिया था। तब से वह यही आ गई थी। बरसों से उनके माता पिता यहीं काम करते थे।    

      दादी की बात सुनकर शिवानी जीजी के बारे में बहुत सारी बातें याद करने लगी। उसे याद आने लगा कि जीजी सुबह राम नाम गाती हुई पूरे आंगन को झाड़ू लगाती थी। सबकी नींद उनकी आवाज से ही खुलती थी। उसके बाद कांसे और पीतल के  पूजा के बर्तनों को  घिस घिस कर चमकाती थी। घर में और भी काम करने वाले थे लेकिन ये दो काम वो ही करती थी। उनको  किसी और का काम पसंद नहीं आता था। दिन भर सबकी  सहायता करती रहती थी। दादी की तो वह सहेली जैसी थी। दादी भी उन्हें सेविका नहीं सहेली समझती थी । दादी से वह बड़ी थी इसलिए  दादी शुरू से उन्हें जीजी कहती थीं। बाद में वह पूरे घर भर की जीजी बन   गईं ।

      जीजी को  पेड़ पौधों से बहुत लगाव था। उन्होंने तरह-तरह के पेड़ पौधे  लगा कर रखे थे । वह  हर पेड़ पौधों से बच्चों की तरह प्यार करती  और उनकी देखभाल करती थी। शिवानी के पापा, चाचा ,बुआ सबको उन्होंने अपने बच्चों की तरह ही पाला था औऱ सब उन्हें उतना ही सम्मान देते थे। बाद में धीरे-धीरे सब अलग-अलग शहरों में रहने लगे । उनके यहां जब भी किसी बच्चे का जन्म होता या तबीयत खराब होती तो जीजी वहां पहुंच जाती और जब तक जरूरत होती है उनकी सेवा करती। फिर वापस यहीं आ जाती।   वो  सालों से अपने वेतन के पैसे तीर्थ और गंगा स्नान के लिए जमा कर रही थीं।

      जीजी को चाय से बहुत लगाव था। सुबह जब वह झाड़ू लगाकर और पूजा के बर्तन धोकर  तैयार होती तब तक शिवानी की माँ या चाची   उनके लिए चाय तैयार रखती थीं और उन्हें बड़े प्रेम से देती  थीं। चाय देखते ही जीजी मुस्कुराने लगती थीं ।

      वह बहुत सारे फूल तोड़कर लाती , माला बनाती और भक्ति भाव से भगवान की पूजा करती थी ।जहां कहीं भी जाती वहां से अलग-अलग प्रकार के पौधे लेकर आती । खाली समय में पौधों को सहलाती और बातें करती । जीजी बच्चों को बताती कि  पौधे भी  हमारी प्यार की भाषा समझते हैं । तभी तो देखो  कैसे सुंदर सुंदर फूल  और फल हमें देते हैं।

     इसी प्रकार उनके दिन बीत रहे थे। शिवानी की शादी हो गई और अपने ससुराल चली गई । अब तो  वे  अपने मायके बहुत कम ही  आ पाती थी।

      शिवानी को आये कुछ दिन हो गए।  जीजी वापस आ गई। बहुत ही ज्यादा खुश थी। शिवानी की मां ने आते ही उन्हें चाय दी । जीजी मुस्कुराते हुए कहने लगी बड़ी बहू तुम  मुझे चाय देना कभी नहीं भूलती । उन्होंने सबको बहुत सारा आशीर्वाद दिया। दादी ने उनसे पूछा कि जिस काम के लिए गई थी वह पूरा हो गया तो बड़ी खुशी से उन्होंने कहा हां। शिवानी को देखकर खुश हो गईं । हालचाल पूछने के बाद उन्होंने  बताया कि उसके पति ने तो बाद में दूसरी शादी कर ली थी। जिससे  बहुत साल बाद  उनकी एक बेटी कांति पैदा हुई।  कांति की माँ  अच्छे स्वभाव की थी वह कभी कभी जीजी का  हाल समचार  लेती रहती थी। जीजी  को उस गांव के एक जान पहचान वाले से पता चला कि  गरीबी के कारण कांति की शादी नहीं हो पा रही है। जीजी ने अपने जीवन भर की पूंजी जो उन्होंने तीर्थ और गंगा स्नान के लिए इकट्ठा किए थे जाकर कांति की शादी के लिए दे दिए । वह कहने लगी कि कन्यादान से बड़ा कोई पुण्य नहीं है। मुझे संतान ना होते हुए भी कन्यादान करने का सुख मिल गया। अब मेरे सारे तीरथ हो गए और मैं तो गंगा नहा ली। उनके चेहरे पर एक निश्छल मुस्कान थी। 

      दूसरे दिन  सुबह-सुबह जीजी की राम नाम की आवाज सुनाई देने लगी । शिवानी उठकर खिड़की से जीजी को  देखकर मुस्कुराने लगी।


Comments

Popular posts from this blog

दामाज बेटा बन जाता है पर बहू पराये घर की रहती है

  "अरे भाईसाहब (ननदोई) इतनी सुबह सुबह ?" "मम्मी पापा ने बुलाया था.कुछ जरूरी काम है." प्रमोद ने रश्मि को रूखा सा उत्तर दिया. "आ गये बेटे. बहू खड़े खड़े क्या बातें कर रही हो जाओ चाय बना लाओ." "जी मम्मी जी" रश्मि चाय बनाते हुए सोच रही थी ऐसी क्या बात हो सकती है जो भाईसाहब को सुबह बुलाया.कल रात उसे सास ससुर के कमरे से खुसुरफुसुर की आवाजें आ रही थी.मन में उठी किसी अनहोनी की आशंका को झटक कर वह चाय ले कर ड्रॉइंग रूम में गई. "बहू नाश्ता जल्दी बना देना.हमें काम से जाना है." "मम्मी जी कहाँ जाना है ?" "आकर बताते है तुम नाश्ते की तैयारी करो." रश्मि ने सास ससुर और प्रमोद को नाश्ता दिया.कुछ देर में तीनो तैयार हो कर चले गये और रश्मि घर के काम निपटाने लगी. ये थी रश्मि. शर्मा परिवार की इकलौती बहू.रश्मि की शादी रूपेश से हुए एक साल हो गया था.रूपेश की एक बड़ी शादीशुदा बहन कंचन और एक छोटी बहन काजल  जो कॉलेज में पढ़ती है.रूपेश दूसरे शहर में नौकरी करता था.उसकी इच्छा थी कि रश्मि  मम्मी पापा की देखभाल के लिए उनके साथ रहे.रश्मि ने भी रूपेश की इच्...

घर के लक्ष्मी का सम्मान

  "रवि... सुनिए ना... मुझे आपसे कुछ ज़रूरी बात करनी थी। वो मेरे पैरों में बहुत सूजन आ रही है और कमर में भी..." सुमन ने रात के सन्नाटे में, करवट बदलते हुए अपने पति रवि से कहने की कोशिश की। उसकी आवाज़ में एक दबी हुई कराह थी। रवि ने झल्लाहट में अपनी आँखों से बांह हटाई और मोबाइल की स्क्रीन पर समय देखा। रात के साढ़े ग्यारह बज रहे थे। "सुमन, प्लीज यार! अभी ऑफिस की टेंशन कम नहीं है जो तुम घर की रामायण शुरू कर देती हो? सुबह से शाम तक घर पर रहती हो, आराम ही तो करती हो। माँ बता रही थीं कि आजकल तुम दोपहर में दो-तीन घंटे सोती हो। फिर भी थकान? और ये पैरों में सूजन वूजन सब वहम है, थोड़ा वॉक किया करो। अब सोने दो, कल मेरी बहुत बड़ी प्रेजेंटेशन है।" रवि ने कंबल मुंह तक खींच लिया और दूसरी तरफ करवट ले ली। सुमन की आँखों में आए आंसू अँधेरे में ही जज़्ब हो गए। वह क्या बताती कि जिसे उसकी सास 'दोपहर की नींद' कहती हैं, वह असल में छत पर पापड़ और अचार सुखाने की चिलचिलाती धूप वाली मेहनत होती है। रवि को सच सुनना ही नहीं था, क्योंकि उसके लिए माँ का कहा पत्थर की लकीर था। सुमन ने चुपचाप एक दर्द न...

हकीकत

  सुमन के हाथों से शादी की मेहंदी भी नहीं उतरी थी कि उसके साथ सुधा जी ने उसे पूरी तरह से काम में झोंक दिया। सुबह से शाम हो जाती, लेकिन सुधा जी के काम तो मानो पूरे ही नहीं होते थे। जैसे ही सुमन आराम करने के लिए अपने कमरे में जाती, वैसे ही सुधा जी कहतीं, "बहू, जरा मेरे सिर में तेल की मालिश कर दो" या "कपड़े प्रेस कर दो"। कोई न कोई बहाना बनाकर पहले से ही तैयार रखतीं। सुमन कुछ भी नहीं बोल पाती और झट से काम पर लग जाती—आखिर नई-नई बहू जो ठहरी! सुमन के पति रोहित दूसरे शहर में नौकरी करते थे। शादी के लिए भी कम ही छुट्टियाँ मिली थीं, इसलिए शादी के आठ दिन बाद ही अपने काम पर लौट गए। तभी एक दिन… "अरे बहू, कब तक सोती रहेगी? कितना समय हो गया है, आज तुम्हारे ससुर जी ऑफिस के लिए भी निकल गए और तूने चाय तक नहीं बनाई। आगे से ध्यान रखना, समझ गई? ठीक चार बजे उठ जाना, क्योंकि तेरे ससुर जी सुबह छह बजे ही निकल जाते हैं। बहुएं तो काम के लिए ही तो लाई जाती हैं, एक लौटी बहू हो, नहीं बताएंगे तो कैसे सीखोगी? बड़े-बूढ़ों की कदर करना सीखो," सुधा जी नसीहत देतीं। "मुझसे गलती हो गई मांजी...