रमन अंदर आया तो पूरे स्टोर रूम में शादी में बांटने के लिए बने लड्डुओं से भरी टोकरियां,पेठे,भुजिया,मट्ठी से भरे बर्तन पड़े थे.मैदे और चीनी की बोरियां,रिफाइंड के कैंटर.
तेल,घी,बेसन की अजीब सी महक पूरे स्टोर रूम में थी.स्टोर रूम में एक तरफ बिछी थी एक पुरानी सी चौकी.उसपर एक नया चादर डला था.कुछ फूल तोड़कर बिखेरे हुए थे.और चौकी के एक कौने पर नई नवेली दुल्हन नन्दा बैठी थी सजधज कर चेहरे पर घूंघट लिए. आज रमन और नन्दा के विवाहबन्धन में बंधने के बाद की पहली रात थी.और ये रात स्टोर रूम में मिठाईयों और नमकीन की मिली जुली महक के बीच गुजरनी थी.
मां पिताजी के जल्दी गुजर जाने के बाद रमन को बड़े भइया सुबोध ने पाला पोसा था.पढ़ाई के साथ साथ वो मेडिकल स्टोर में भैया की मदद किया करता था.भाभी को देवर रमन का साथ मे रहना शुरू से पसन्द नही था. एक तो छोटा मकान ऊपर से एक आदमी के लिए अलग से सारी व्यवस्था.दो कमरों के मकान में एक कमरा भैया भाभी का था तो दूसरे में उनके तीनो बच्चे सोते थे.रमन हॉल में गद्दा बिछाकर सोता था.
पर शादी के बाद तो एक कमरा चाहिए था.भैया ने भाभी को समझाया था कि कम से कम पहली रात के लिए वो रमन और नन्दा को अपना कमरा दे दे.पर भाभी टस से मस नहीं हुई.और अंत मे स्टोर रूम में ही जगह बनाकर चौकी लगाई गई थी.
रमन की रेलवे में क्लर्क की नोकरी लगे अभी दो महीने ही हुए थे.उसे अपना सरकारी क्वार्टर मिलने में चार पाँच महीने का समय लगने वाला था.पर रमन दुखी था कि वो तो हर हालात में खुद को समायोजित कर सकता था पर नन्दा क्या सोचेगी.ये रात तो जीवन मे दोबारा आने वाली नही थी.नन्दा के दिमाग में आखिर कैसी तस्वीर उसकी और उसके घर वालो की बनने वाली थी.
स्टोर रूम का दरवाजा अंदर से सही से बन्द भी नही होता था इसलिए जैसे तैसे उसे बन्दकर रमन नन्दा की तरफ बढ़ा.चौकी पे नन्दा के बगल में वो चुपचाप बैठ गया था.दरवाजा सटने के बाद तो महक और भी दमघोंटू हो गयी थी.बेहद शर्मिंदगी महसूस कर रहा था रमन.
नन्दा और रमन वेसे पुराने मित्र थे.स्नातकोत्तर के दो साल दोनो साथ ही थे कॉलेज में.फिर शादी में एकदूसरे के लिए कपड़ो और गहनों की खरीद दोनो ने साथ साथ की थी.
रमन ने फिल्मों में देखा था कई बार कि कैसे पहली रात दुल्हन का घूंघट उठाया जाता है।
उसी अंदाज में वो अभी धीरे से घूंघट पीछे सरका ही रहा था कि अचानक स्टोर रूम का दरवाजा खुला और सारे बच्चे,मेहमान और भैया भाभी खिलखिलाते हुए अंदर आ गए.
रमन भौचक था.सारे लोग बस उसे देख हंसे जा रहे थे.इधर जिसे वो नन्दा समझ रहा था वो तो बगल के फ्लैट वाली भाभी थी.
"मेरे बुद्धू देवरजी आपकीं ये भाभी इतनी कठोर भी नही कि आपकीं इस रात्रि को यूं स्टोर रूम में बीत जाने दूं."
"हा रमन जब तक तुम्हे तुम्हारा सरकारी घर नही मिल जाता तब तक हमारा कमरा ही तुम्हारा बेडरूम रहेगा."
"और चाचू इस पूरी प्लांनिंग में नन्दा चाची भी बराबर से शामिल है."
रमन को अब सारा माजरा समझ आ गया था.उसे थोड़ी शरम भी आ रही थी और वो अंदर अंदर खुश भी था.
भाभी उसे कमरे के अंदर तक छोड़ने की रस्म पूरी कर चुकी थी.पूरा कमरा रजनी गन्धा के फूलों की खुश्बू से नहाया हुआ था.पलंग को बड़े नायाब तरीके से सजाया था.
बीच में दुल्हन के लिबास में नन्दा कितनी अलग लग रही थी.बेहद बातूनी स्वभाव की एक लड़की लाजवंती के पौधे की तरह खुद को खुद में समेटे बैठी हुई थी.
रमन बेहद आनन्दित था कि उसके वैवाहिक जीवन का आरम्भ एक खुशनुमा माहौल में हो रहा था.
Comments
Post a Comment