Skip to main content

आप मेरे बच्चे हैं

 मैं बड़ा होता गया और पापा बूढ़े, ना चाहते हुए भी धीरे धीरे उनसे लगाव कम होता जा रहा है। मैं चाहता हूँ कुछ देर बैठूँ उनसे बातें करूँ पर वो एक ही बात की रट लगाने लग जाते हैं। उन्हें लगता है मैंने सुना नहीं। सुनाई उन्हें कम देता है तो मुझे भी कुछ कहने के लिए जोर से बोलना पड़ता है या एक ही बात को दस बार। मैं चिड़चिड़ा हो जाता हूँ उस वक़्त। इसलिए मैं बचने लगा हूँ उनसे। चाहता हूँ कि उनसे कम ही बात करनी पड़े। वैसे अब वो भी माँ के जाने के बाद थोड़ा गुमसुम ही रहने लगे हैं। इधर कुछ महीनों से मैं सिर्फ सुबह शाम एकबार देख आता हूँ उनके कमरे में। बीमार रहने लगे हैं अब। कमरे से बदबू भी आती है। एक लड़का रख रखा है हमने देख भाल करने के लिए। बोला है आज देर से आएगा। उसने अपने लिए एक पुरानी जैकेट मांगी है। वही ढूंढ रहा था तो आलमारी से बचपन की सुनहरी यादें गिर पड़ी, जिसे मैं पलटता चला गया..और उस एलबम का हर पन्ना मुझे कचोटता।

पापा के घर आते हीं ना जाने कितने सवाल रहते थे मेरे पास। थके रहते थे वे, पर खीजते नहीं थे। सुनते थे, जवाब देते थे। मेरे साथ खेलते थे, मुझे हँसाते थे। सुपर पापा थे तब ये मेरे।

ना जाने कितनी बार मुझे खुद से नहलाया होगा, मेरी गंदगी साफ की होगी। जब भी बीमार पड़ा मैं तो ये रात भर सो नहीं पाते थे।

जब पहली बार मेरे लिए इन्होंने बाइक लिया था और सीखते वक़्त मेरे माथे में चोट आ गई थी तो अपने सुपर पापा की आँखों में पहली बार आँसू देखा था।

आज मेरे भी आँखों में पहलीबार कुछ उतर सा आया। पूरी एलबम भी पलट ना सका मैं और तेज कदमों से पापा के कमरे में चला आया। पापा शायद बहुत देर से अपने गीले हो चुके कपड़ों के साथ उठने की कोशिश कर रहे थे। मुझे देख एक गुनहगार की तरह सहम गए। मैं जाकर उनसे लिपट गया।

"कोई बात नहीं पापा! मैं हूँ ना, अभी चेंज कर देता हूँ"

"नहीं.. नहीं तुम कैसे..करोगे..बेटे.."

"क्यूँ पापा! आप करते थे ना जब मैं बच्चा था...अब आप..मेरे बच्चे हैं..!"


Comments

Popular posts from this blog

दामाज बेटा बन जाता है पर बहू पराये घर की रहती है

  "अरे भाईसाहब (ननदोई) इतनी सुबह सुबह ?" "मम्मी पापा ने बुलाया था.कुछ जरूरी काम है." प्रमोद ने रश्मि को रूखा सा उत्तर दिया. "आ गये बेटे. बहू खड़े खड़े क्या बातें कर रही हो जाओ चाय बना लाओ." "जी मम्मी जी" रश्मि चाय बनाते हुए सोच रही थी ऐसी क्या बात हो सकती है जो भाईसाहब को सुबह बुलाया.कल रात उसे सास ससुर के कमरे से खुसुरफुसुर की आवाजें आ रही थी.मन में उठी किसी अनहोनी की आशंका को झटक कर वह चाय ले कर ड्रॉइंग रूम में गई. "बहू नाश्ता जल्दी बना देना.हमें काम से जाना है." "मम्मी जी कहाँ जाना है ?" "आकर बताते है तुम नाश्ते की तैयारी करो." रश्मि ने सास ससुर और प्रमोद को नाश्ता दिया.कुछ देर में तीनो तैयार हो कर चले गये और रश्मि घर के काम निपटाने लगी. ये थी रश्मि. शर्मा परिवार की इकलौती बहू.रश्मि की शादी रूपेश से हुए एक साल हो गया था.रूपेश की एक बड़ी शादीशुदा बहन कंचन और एक छोटी बहन काजल  जो कॉलेज में पढ़ती है.रूपेश दूसरे शहर में नौकरी करता था.उसकी इच्छा थी कि रश्मि  मम्मी पापा की देखभाल के लिए उनके साथ रहे.रश्मि ने भी रूपेश की इच्...

घर के लक्ष्मी का सम्मान

  "रवि... सुनिए ना... मुझे आपसे कुछ ज़रूरी बात करनी थी। वो मेरे पैरों में बहुत सूजन आ रही है और कमर में भी..." सुमन ने रात के सन्नाटे में, करवट बदलते हुए अपने पति रवि से कहने की कोशिश की। उसकी आवाज़ में एक दबी हुई कराह थी। रवि ने झल्लाहट में अपनी आँखों से बांह हटाई और मोबाइल की स्क्रीन पर समय देखा। रात के साढ़े ग्यारह बज रहे थे। "सुमन, प्लीज यार! अभी ऑफिस की टेंशन कम नहीं है जो तुम घर की रामायण शुरू कर देती हो? सुबह से शाम तक घर पर रहती हो, आराम ही तो करती हो। माँ बता रही थीं कि आजकल तुम दोपहर में दो-तीन घंटे सोती हो। फिर भी थकान? और ये पैरों में सूजन वूजन सब वहम है, थोड़ा वॉक किया करो। अब सोने दो, कल मेरी बहुत बड़ी प्रेजेंटेशन है।" रवि ने कंबल मुंह तक खींच लिया और दूसरी तरफ करवट ले ली। सुमन की आँखों में आए आंसू अँधेरे में ही जज़्ब हो गए। वह क्या बताती कि जिसे उसकी सास 'दोपहर की नींद' कहती हैं, वह असल में छत पर पापड़ और अचार सुखाने की चिलचिलाती धूप वाली मेहनत होती है। रवि को सच सुनना ही नहीं था, क्योंकि उसके लिए माँ का कहा पत्थर की लकीर था। सुमन ने चुपचाप एक दर्द न...

हकीकत

  सुमन के हाथों से शादी की मेहंदी भी नहीं उतरी थी कि उसके साथ सुधा जी ने उसे पूरी तरह से काम में झोंक दिया। सुबह से शाम हो जाती, लेकिन सुधा जी के काम तो मानो पूरे ही नहीं होते थे। जैसे ही सुमन आराम करने के लिए अपने कमरे में जाती, वैसे ही सुधा जी कहतीं, "बहू, जरा मेरे सिर में तेल की मालिश कर दो" या "कपड़े प्रेस कर दो"। कोई न कोई बहाना बनाकर पहले से ही तैयार रखतीं। सुमन कुछ भी नहीं बोल पाती और झट से काम पर लग जाती—आखिर नई-नई बहू जो ठहरी! सुमन के पति रोहित दूसरे शहर में नौकरी करते थे। शादी के लिए भी कम ही छुट्टियाँ मिली थीं, इसलिए शादी के आठ दिन बाद ही अपने काम पर लौट गए। तभी एक दिन… "अरे बहू, कब तक सोती रहेगी? कितना समय हो गया है, आज तुम्हारे ससुर जी ऑफिस के लिए भी निकल गए और तूने चाय तक नहीं बनाई। आगे से ध्यान रखना, समझ गई? ठीक चार बजे उठ जाना, क्योंकि तेरे ससुर जी सुबह छह बजे ही निकल जाते हैं। बहुएं तो काम के लिए ही तो लाई जाती हैं, एक लौटी बहू हो, नहीं बताएंगे तो कैसे सीखोगी? बड़े-बूढ़ों की कदर करना सीखो," सुधा जी नसीहत देतीं। "मुझसे गलती हो गई मांजी...