Skip to main content

खामोशी

 चाय का कप मेज पर रखते हुए सुमेधा ने देखा कि ड्राइंग रूम का माहौल आज कुछ ज्यादा ही गंभीर था। सामने सोफे पर उसकी ननद, राधिका, और सास, विमला देवी, बैठी थीं। पति, आलोक, सिर झुकाए कुछ फाइलों को पलट रहे थे।

"भैया, सीधी सी बात है," राधिका ने अपनी आवाज में थोड़ी सख्ती लाते हुए कहा, "पिताजी के गुजरने के बाद उस पुश्तैनी जमीन पर मेरा भी उतना ही हक है जितना आपका। अब तो कानून भी यही कहता है। मुझे मेरे हिस्से के पच्चीस लाख चाहिए, क्योंकि मुझे अपने बिजनेस में इन्वेस्ट करना है।"

विमला देवी ने तुरंत अपनी बेटी के सिर पर हाथ फेरा और आलोक की तरफ देखते हुए बोलीं, "आलोक, राधिका बिल्कुल सही कह रही है। आजकल बेटा-बेटी में कोई फर्क नहीं होता। उसका हक उसे मिलना ही चाहिए। तू जमीन बेच दे और पैसे आधे-आधे बांट ले।"

आलोक ने एक गहरी सांस ली। वह कुछ बोलने ही वाला था कि सुमेधा बीच में बोल पड़ी, "मांझी, अगर राधिका दीदी को बराबरी का हक चाहिए, तो यह बहुत अच्छी बात है। आखिर बेटियां किसी से कम थोड़ी होती हैं।"

राधिका के चेहरे पर विजयी मुस्कान आ गई। "शुक्रिया भाभी, कम से कम आप तो समझीं।"

"लेकिन," सुमेधा ने अपनी बात जारी रखी, "बराबरी तो फिर हर चीज में होनी चाहिए ना? सिर्फ जायदाद में ही क्यों?"

विमला देवी की त्योरियां चढ़ गईं। "तेरा क्या मतलब है बहू?"

सुमेधा ने आलोक के हाथ से फाइल ली और मेज पर रख दी। "मांझी, पिछले महीने पिताजी के हार्ट ऑपरेशन में पंद्रह लाख का खर्चा आया था। वो पर्सनल लोन आलोक ने लिया था जिसकी ईएमआई हम अगले पांच साल तक चुकाएंगे। और इस घर का रेनोवेशन लोन, जिसमें हम सब रह रहे हैं, उसका दस लाख अभी भी बाकी है। कुल मिलाकर पच्चीस लाख का कर्ज है परिवार पर।"

सुमेधा ने राधिका की आँखों में सीधे देखते हुए कहा, "दीदी, पिताजी की जमीन पचास लाख की है। और पिताजी की बीमारी और घर का कर्ज पच्चीस लाख का है। अगर हम 'संपत्ति' में बराबर के हिस्सेदार हैं, तो 'दायित्व' यानी कर्ज में भी तो बराबर की हिस्सेदारी होनी चाहिए ना?"

कमरे में सन्नाटा छा गया। राधिका की मुस्कान गायब हो गई और वह बगलें झांकने लगी।

विमला देवी एकदम से उखड़ गईं, "बहू! तुझे शर्म नहीं आती? ननद से कर्ज के पैसे मांगेगी? घर की जिम्मेदारियां और कर्ज चुकाना तो बेटे का फर्ज होता है। राधिका तो पराये घर की है, वो कर्ज क्यों चुकाएगी?"

सुमेधा ने शांत स्वर में जवाब दिया, "मांझी, यही तो मैं समझना चाह रही हूँ। जब प्रॉपर्टी बंटने की बात आई, तो राधिका दीदी 'घर की बेटी' और 'बराबर की हकदार' बन गईं। कानून की दुहाई दी जाने लगी। लेकिन जब कर्ज चुकाने की बात आई, तो वो अचानक 'पराये घर' की हो गईं और सारा बोझ बेटे-बहू पर आ गया?"

आलोक ने सुमेधा का हाथ थाम लिया, उसे हिम्मत मिली। सुमेधा ने आगे कहा, "हम जमीन बेचने को तैयार हैं। पचास लाख मिलेंगे। उसमें से पहले पच्चीस लाख का वो कर्ज चुकाया जाएगा जो पिताजी और इस घर पर खर्च हुआ। बाकी बचे पच्चीस लाख। उसमें से साढ़े बारह लाख राधिका दीदी ले लें और साढ़े बारह हम। क्या यह न्याय नहीं है?"

"यह तो सरासर नाइंसाफी है!" राधिका चिल्लाई। "मुझे पूरे पच्चीस लाख चाहिए। भैया का फर्ज है मां और पिता की जिम्मेदारी उठाना।"

सुमेधा ने हंसते हुए कहा, "दीदी, आप 'फर्ज' और 'हक' को अपनी सुविधानुसार नहीं चुन सकतीं। अगर बेटा 'श्रवण कुमार' बनकर सारे दुख और कर्ज ढोए, तो बेटी सिर्फ 'लक्ष्मी' बनकर पैसा लेकर नहीं जा सकती। अगर आप मॉडर्न जमाने की बात करती हैं और कानून का सहारा लेती हैं, तो कानून यह भी कहता है कि वारिस को संपत्ति के साथ-साथ देनदारियां भी विरासत में मिलती हैं।"

विमला देवी ने आलोक की तरफ देखा, "तू चुप क्यों है? जोरू का गुलाम बनकर तमाशा देख रहा है?"

आलोक ने पहली बार नजरें ऊपर उठाईं, "मां, सुमेधा गलत क्या कह रही है? मेरी तनख्वाह का साठ प्रतिशत हिस्सा ईएमआई में जाता है। सुमेधा भी नौकरी करती है, तब जाकर घर चलता है। राधिका को पैसे चाहिए, मुझे दिक्कत नहीं है। लेकिन यह नहीं हो सकता कि मलाई वो खाए और छाछ हम पिएं। हिसाब होगा तो पूरा होगा।"

राधिका ने अपनी मां की तरफ देखा, लेकिन विमला देवी के पास अब कोई जवाब नहीं था। वे जिस दोहरे मापदंड को ढाल बनाकर बैठी थीं, सुमेधा के तर्क ने उसे चकनाचूर कर दिया था।

सुमेधा उठी और चाय के कप ट्रे में रखने लगी। "फैसला आप लोगों का है। या तो सुख-दुख, संपत्ति और कर्ज सब आधा-आधा बंटेगा, या फिर हम पुरानी परंपरा निभाते हैं—भाई सारा कर्ज चुकाएगा, मां-बाप की सेवा करेगा और संपत्ति भी उसी की रहेगी। आप दोनों में से जो भी मॉडल चुनना चाहें, हमें मंजूर है। बस, 'मीठा-मीठा गप और कड़वा-कड़वा थू' अब नहीं चलेगा।"

सुमेधा रसोई में चली गई, पीछे छोड़ गई एक ऐसी खामोशी जो उस घर में बहुत पहले गूंजनी चाहिए थी।

लेखिका : आँचल चौरसिया


Comments

Popular posts from this blog

दामाज बेटा बन जाता है पर बहू पराये घर की रहती है

  "अरे भाईसाहब (ननदोई) इतनी सुबह सुबह ?" "मम्मी पापा ने बुलाया था.कुछ जरूरी काम है." प्रमोद ने रश्मि को रूखा सा उत्तर दिया. "आ गये बेटे. बहू खड़े खड़े क्या बातें कर रही हो जाओ चाय बना लाओ." "जी मम्मी जी" रश्मि चाय बनाते हुए सोच रही थी ऐसी क्या बात हो सकती है जो भाईसाहब को सुबह बुलाया.कल रात उसे सास ससुर के कमरे से खुसुरफुसुर की आवाजें आ रही थी.मन में उठी किसी अनहोनी की आशंका को झटक कर वह चाय ले कर ड्रॉइंग रूम में गई. "बहू नाश्ता जल्दी बना देना.हमें काम से जाना है." "मम्मी जी कहाँ जाना है ?" "आकर बताते है तुम नाश्ते की तैयारी करो." रश्मि ने सास ससुर और प्रमोद को नाश्ता दिया.कुछ देर में तीनो तैयार हो कर चले गये और रश्मि घर के काम निपटाने लगी. ये थी रश्मि. शर्मा परिवार की इकलौती बहू.रश्मि की शादी रूपेश से हुए एक साल हो गया था.रूपेश की एक बड़ी शादीशुदा बहन कंचन और एक छोटी बहन काजल  जो कॉलेज में पढ़ती है.रूपेश दूसरे शहर में नौकरी करता था.उसकी इच्छा थी कि रश्मि  मम्मी पापा की देखभाल के लिए उनके साथ रहे.रश्मि ने भी रूपेश की इच्...

घर के लक्ष्मी का सम्मान

  "रवि... सुनिए ना... मुझे आपसे कुछ ज़रूरी बात करनी थी। वो मेरे पैरों में बहुत सूजन आ रही है और कमर में भी..." सुमन ने रात के सन्नाटे में, करवट बदलते हुए अपने पति रवि से कहने की कोशिश की। उसकी आवाज़ में एक दबी हुई कराह थी। रवि ने झल्लाहट में अपनी आँखों से बांह हटाई और मोबाइल की स्क्रीन पर समय देखा। रात के साढ़े ग्यारह बज रहे थे। "सुमन, प्लीज यार! अभी ऑफिस की टेंशन कम नहीं है जो तुम घर की रामायण शुरू कर देती हो? सुबह से शाम तक घर पर रहती हो, आराम ही तो करती हो। माँ बता रही थीं कि आजकल तुम दोपहर में दो-तीन घंटे सोती हो। फिर भी थकान? और ये पैरों में सूजन वूजन सब वहम है, थोड़ा वॉक किया करो। अब सोने दो, कल मेरी बहुत बड़ी प्रेजेंटेशन है।" रवि ने कंबल मुंह तक खींच लिया और दूसरी तरफ करवट ले ली। सुमन की आँखों में आए आंसू अँधेरे में ही जज़्ब हो गए। वह क्या बताती कि जिसे उसकी सास 'दोपहर की नींद' कहती हैं, वह असल में छत पर पापड़ और अचार सुखाने की चिलचिलाती धूप वाली मेहनत होती है। रवि को सच सुनना ही नहीं था, क्योंकि उसके लिए माँ का कहा पत्थर की लकीर था। सुमन ने चुपचाप एक दर्द न...

हकीकत

  सुमन के हाथों से शादी की मेहंदी भी नहीं उतरी थी कि उसके साथ सुधा जी ने उसे पूरी तरह से काम में झोंक दिया। सुबह से शाम हो जाती, लेकिन सुधा जी के काम तो मानो पूरे ही नहीं होते थे। जैसे ही सुमन आराम करने के लिए अपने कमरे में जाती, वैसे ही सुधा जी कहतीं, "बहू, जरा मेरे सिर में तेल की मालिश कर दो" या "कपड़े प्रेस कर दो"। कोई न कोई बहाना बनाकर पहले से ही तैयार रखतीं। सुमन कुछ भी नहीं बोल पाती और झट से काम पर लग जाती—आखिर नई-नई बहू जो ठहरी! सुमन के पति रोहित दूसरे शहर में नौकरी करते थे। शादी के लिए भी कम ही छुट्टियाँ मिली थीं, इसलिए शादी के आठ दिन बाद ही अपने काम पर लौट गए। तभी एक दिन… "अरे बहू, कब तक सोती रहेगी? कितना समय हो गया है, आज तुम्हारे ससुर जी ऑफिस के लिए भी निकल गए और तूने चाय तक नहीं बनाई। आगे से ध्यान रखना, समझ गई? ठीक चार बजे उठ जाना, क्योंकि तेरे ससुर जी सुबह छह बजे ही निकल जाते हैं। बहुएं तो काम के लिए ही तो लाई जाती हैं, एक लौटी बहू हो, नहीं बताएंगे तो कैसे सीखोगी? बड़े-बूढ़ों की कदर करना सीखो," सुधा जी नसीहत देतीं। "मुझसे गलती हो गई मांजी...